जन सुनवाई कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी भी रहेंगे मौजूद, मिलेगा त्वरित निपटारा
देहरादून। ऋषिकेश के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी सविन बंसल, सोमवार 15 दिसंबर को सीधे आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और उनका तत्काल समाधान करने का प्रयास करेंगे। तहसील परिसर, ऋषिकेश में दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले इस जन सुनवाई कार्यक्रम में लोग बिना किसी बिचौलिए के अपनी शिकायतें, आवेदन या जनहित के मुद्दे सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रख सकेंगे।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि आम आदमी की परेशानियों को सुनकर उनका शीघ्र और प्रभावी निपटारा किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि इस कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित मामलों की पूरी जानकारी और फाइलें लेकर उपस्थित रहें, ताकि मौके पर ही निर्णय लेकर लोगों को न्याय दिलाया जा सके।
श्री शाह ने ऋषिकेश क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में पहुंचें और अपनी समस्याएं सामने रखें। प्रशासन की कोशिश है कि हर नागरिक की बात सुनी जाए और उसका ठोस समाधान एक निर्धारित समयसीमा में किया जाए।
इस कार्यक्रम के अलावा, जिलाधिकारी श्री बंसल शाम को ऋषिकेश के कुछ महत्वपूर्ण परियोजना स्थलों का निरीक्षण भी करेंगे। इनमें लाल पानी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट, पशुलोक बैराज और आस्था पथ शामिल हैं। इस निरीक्षण का उद्देश्य इन परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति का जायजा लेना और आवश्यक दिशा-निर्देश देना बताया जा रहा है।

Recent Comments