कांग्रेस ने किया जबरदस्त प्रदर्शन, राज्य निर्वाचन आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग
देहरादून। देशव्यापी ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज राजधानी देहरादून में राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग उठाई।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर साढ़े बारह बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रिंग रोड स्थित आयोग कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन की सूचना पर पहले से ही सीओ रायपुर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने कार्यालय की ओर कूच किया, जहां उन्हें बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयुक्त उपस्थित नहीं हैं। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिसर में ही नारेबाजी शुरू कर दी और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कुछ देर बाद आयोग के सचिव राहुल प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और ज्ञापन लेने की बात कही, लेकिन श्री धस्माना ने स्पष्ट किया कि वे ज्ञापन देने नहीं, बल्कि निर्वाचन आयुक्त को हटाने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज कानून का उल्लंघन किया, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई। उच्च न्यायालय नैनीताल ने आयोग के आदेशों पर दो बार स्थगन दिए और जब आयोग सर्वोच्च न्यायालय गया, तो उसे न केवल प्रताड़ना मिली बल्कि ₹2 लाख का अर्थदंड भी लगाया गया।

श्री धस्माना ने कहा कि यह निर्णय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोग को वोट चोरी का दोषी ठहराने जैसा है। उन्होंने कहा कि सुशील कुमार को एक मिनट भी पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्यपाल उन्हें बर्खास्त नहीं करते, तो कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें कुर्सी से हटाने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में अनिल मसीह के मामले और उत्तराखंड पंचायत चुनावों में दो जगह नाम वाले प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने की अनुमति देने को न्यायालय द्वारा सिद्ध वोट चोरी के उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग ने भाजपा के साथ मिलकर चुनावों को प्रभावित किया।

प्रदर्शन में पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, महिला कांग्रेस महामंत्री सुशील शर्मा, सुनील जायसवाल, ललित भद्री, राजेश उनियाल, विनीत भट्ट, कमर सिद्दीकी, सोनू काजी, इजहार शर्मा, वीरेश शर्मा, जितेंद्र बिष्ट, शरीफ बेग, पूनम कंडारी, किशोर उनियाल, अनीस अंसारी, गोपाल गड़िया, यामीन खान, राम गोपाल वर्मा, आनंद पुंडीर, प्रकाश डबराल, अमरजीत सिंह, चंद्रपाल, रविश जमाल, दीपक गुप्ता, शुभम सैनी, कारण घाघट, वसी अहमद, सुल्तान अहमद, निधि नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक राज्य निर्वाचन आयुक्त को बर्खास्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

Recent Comments