रेखा वर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा – पार्टी की विरासत को आत्मसात करें, मंत्री गणेश जोशी बोले – हर घर तक पहुँचाएं विकास की योजनाएं
देहरादून, 10 अप्रैल(एजेंसिया) देहरादून के सालावाला स्थित दून कॉम्प्लेक्स में आयोजित मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय सदस्यता सम्मेलन में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत के साथ हुई, जिसने माहौल को राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण से भर दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुँचीं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने अपने ओजस्वी भाषण में भारतीय जनसंघ से लेकर आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी भाजपा की यात्रा का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या और निःस्वार्थ समर्पण से बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की गौरवशाली विचारधारा को आत्मसात कर बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता सत्ता नहीं, बल्कि अंत्योदय के सिद्धांत पर अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है। मंत्री जोशी ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक वक्ता रहीं भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, जिन्होंने युवा कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज युवाओं की पहली पसंद बनी है क्योंकि यह पार्टी केवल राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण का आंदोलन है। नेहा जोशी ने अपने प्रभावशाली वक्तव्य में कहा, “युवाओं की शक्ति ही आने वाले भारत की दिशा तय करेगी, और भाजपा ने सदैव युवाओं को आगे बढ़ने का मंच दिया है।”
उन्होंने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया से लेकर ग्राउंड लेवल तक संगठन की नीतियों और उपलब्धियों को जनमानस तक पहुँचाने में सबसे आगे रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने महिलाओं और युवाओं को नेतृत्व का अवसर देकर सशक्त भारत की नींव रखी है।
कार्यक्रम में देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, सुरेंद्र राणा, राकेश रावत, आर.एस. परिहार, ज्योति कोटिया, अंकित जोशी, आशीष थापा, विनय गुप्ता, निरंजन डोभाल सहित कई प्रमुख भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस सक्रिय सदस्यता सम्मेलन ने यह साबित कर दिया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र का संगठन पूरी तरह सक्रिय, एकजुट और आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। विशेषकर नेहा जोशी का ऊर्जावान नेतृत्व, युवाओं को संगठन से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभा रहा है।

Recent Comments