देहरादून,08फरवरी2025।दून पुलिस के सहयोग से यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज देहरादून में एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ग्राफिक एरा और डीआईटी विश्वविद्यालय के लगभग 2,000 छात्र-छात्राओं ने इस रैली में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर दर्शनलाल चौक, घंटाघर होते हुए रिजर्व ग्राउंड में समाप्त हुई।

रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, बैनर और नारे के जरिए “वन नेशन वन कोड” का समर्थन किया और आमजन को यूसीसी के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने यूसीसी को कानूनी एकरूपता और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने वाला कानून बताया, जो समाज के सभी वर्गों को एक समान अधिकार और न्याय प्रदान करता है।
रैली को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून ने युवाओं के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा, “यूसीसी न केवल कानूनी समानता सुनिश्चित करता है, बल्कि यह सामाजिक सौहार्द और एकजुटता का प्रतीक है। युवाओं का इसमें आगे आना समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है।”

इसके साथ ही, पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने और समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान छात्रों ने अपने संदेश के माध्यम से आमजन को यह समझाने का प्रयास किया कि यूसीसी नागरिक कानूनों में समानता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर समाज में न्याय और समानता को बढ़ावा देगा।

इस जागरूकता अभियान में पुलिस अधीक्षक, नगर/यातायात, क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर सहित कई पुलिस अधिकारी और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों ने भी भाग लिया। रैली ने देहरादून के नागरिकों को एक मजबूत और सकारात्मक संदेश दिया।


Recent Comments