

रायपुर में शराब ठेके के बाहर हुई थी गोलीबारी, 2 लोग हुए थे घायल, तमंचा भी बरामद
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में वांछित 15 हजार रुपए के इनामी अभियुक्त को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून की सख्ती एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ी।
मामले के अनुसार 3 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे बंजारावाला राजेंद्र विहार निवासी दिवाकर खंडूड़ी अपने दोस्तों नवीन राणा तथा रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3-4 अज्ञात लोग दौड़ते हुए आए और उन्होंने पिस्टल से 2 फायर किए। इनमें से एक गोली नवीन राणा के कंधे पर तथा दूसरी गोली पास से गुजर रहे कमेंद्र शर्मा के पैर पर लगी। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दिवाकर खंडूड़ी की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल 3 अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और विवेचना के दौरान सामने आया कि इस घटना में ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल की भी संलिप्तता थी। पुलिस टीमों ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह फरार चल रहा था। इस पर एसएसपी देहरादून ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया।

पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए मैनुअल जानकारी जुटाई और आखिरकार 12 जुलाई 2026 को अभियुक्त ओमप्रकाश को सिक्यूआई रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल पुत्र जयप्रकाश मूल रूप से ग्राम मंडौरी, थाना नेहटौर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है।
इस कार्रवाई में थाना रायपुर के वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, एसओजी के उपनिरीक्षक विनोद सिंह राणा, अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, कांस्टेबल कमलेश सजवाण, कांस्टेबल बृजमोहन सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र तथा कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी की टीम शामिल रही।

Recent Comments