रक्षा पीएसयू आईओएल की प्रथम खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन, 11 खेलों में विजेताओं को सम्मानित किया गया


अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तुषार त्रिपाठी ने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की, भविष्य में और भव्य आयोजन का दिया संकल्प

देहरादून । इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की प्रथम खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का समापन शनिवार को रायपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री स्टेडियम में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि आईओएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तुषार त्रिपाठी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को ट्रॉफी व व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए।

गौरतलब है कि इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड एक रक्षा सार्वजनिक उपक्रम (डिफेंस पीएसयू) है, जिसके अंतर्गत ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री (ओएलएफ), आयुध निर्माणी देहरादून (ओएफडी) और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंडीगढ़ कार्यरत हैं। संगठन का मुख्यालय रायपुर, देहरादून में स्थित है। आईओएल भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों और आंतरिक सुरक्षा बलों को अत्याधुनिक दृश्य यंत्र उपलब्ध कराता है। वर्ष 2021 में पूर्व आयुध निर्माणी बोर्ड के पुनर्गठन के बाद गठित सात नए रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों में आईओएल शामिल है।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री त्रिपाठी ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ मन का निर्माण संभव है। प्रतियोगिता में दिखाई गई खेल भावना, साहस, धैर्य और कौशल सराहनीय है। जीत-हार खेल का हिस्सा है, परंतु असली उद्देश्य खेल भावना और समर्पण है। खेल व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सौहार्द, आपसी सहयोग एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं। उन्होंने भविष्य में इसी उत्साह से भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि आईओएल स्तर पर यह पहला आयोजन है और भविष्य में और भव्य एवं बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे। अपने 37 वर्षों के सेवाकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने सहयोगियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया।

प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, कैरम, बैडमिंटन, साइकिलिंग और एथलेटिक्स सहित कुल 11 खेल आयोजित किए गए। महिला खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, कैरम, कबड्डी और एथलेटिक्स में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रमुख परिणाम: वॉलीबॉल, हॉकी और क्रिकेट में ओएलएफ विजेता, ओएफडी उपविजेता। इंडोर गेम्स में ओएफडी का दबदबा रहा। महिला एवं पुरुष कबड्डी तथा फुटबॉल में ऑप्टो इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री प्रथम, आयुध निर्माणी देहरादून द्वितीय। मुख्यालय द्वारा आयोजित साइकिलिंग और एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आयुध निर्माणी देहरादून विजेता रही।

इस अवसर पर निदेशक संचालन शम्भू शर्मा, निदेशक मानव संसाधन शर्मिष्ठा कौल शर्मा, निदेशक वित्त, तीनों इकाइयों के अधिकारी, खेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। वरिष्ठ कमेंटेटर विजय रावत सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यालय के खेल अधिकारी एवं उप महाप्रबंधक पी.एस. चौहान ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments