100 करोड़ की डील मामले में विधायक और ठेकेदार का नार्को टेस्ट कराएगा मोर्चा, उच्च न्यायालय जाने की चेतावनी

भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर लगाए थे गंभीर आरोप; विधायक ने किया था खारिज

विकासनगर। विकासनगर पालिका क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल लाइन बिछाने से जुड़ी 535 करोड़ रुपए की योजना अब विवादों के घेरे में आ गई है। भाजपा नेता रामशरण नौटियाल द्वारा अपनी ही पार्टी के विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर ठेकेदार से 100 करोड़ रुपए रिश्वत लेने का आरोप लगाए जाने के बाद जन संघर्ष मोर्चा ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जांच नहीं कराई तो वह विधायक और संबंधित ठेकेदार का नार्को टेस्ट कराने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।

विकासनगर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जन संघर्ष मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा पिन्नी ने कहा कि सरकार द्वारा पालिका क्षेत्र में सीवरेज व पेयजल लाइन बिछाने के लिए करीब 535 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है। इसी योजना को लेकर भाजपा नेता रामशरण नौटियाल ने विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर ठेकेदार से 100 करोड़ रुपए के कमीशन लेने का आरोप लगाया था। शर्मा ने कहा कि यह आरोप अत्यंत गंभीर हैं, क्योंकि यह किसी विपक्षी दल के नेता ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी ही पार्टी के नेता ने लगाए हैं।

शर्मा ने कहा, “चूंकि पार्टी के ही नेता द्वारा आरोप लगाए गए हैं, इसलिए प्रदेश हित और जनहित में इन आरोपों की जांच होना आवश्यक है। जन संघर्ष मोर्चा मांग करता है कि सरकार विधायक और संबंधित ठेकेदार के बीच हुई तथाकथित डील का नार्को टेस्ट कराए। इससे मामले की सत्यता उजागर होगी।”

उन्होंने कार्यदाई संस्था यूयूएसडीए पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संस्था द्वारा कार्यों में लीपापोती और मानकों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इसमें मिलीभगत शामिल है।

प्रवीण शर्मा ने यह भी कहा कि यदि विधायक पूरी तरह पाक-साफ हैं, तो उन्हें स्वयं नार्को टेस्ट के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही, यदि आरोप निराधार साबित होते हैं, तो आरोप लगाने वाले भाजपा नेता के खिलाफ भी सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।

शर्मा ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि अगर इस डील मामले में उच्च स्तरीय जांच नहीं कराई गई, तो मोर्चा विधायक और ठेकेदार दोनों का नार्को टेस्ट कराने के लिए माननीय उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोपों से पूरे प्रदेश को शर्मसार होना पड़ा है। इस अवसर पर दिलबाग सिंह और भीम सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि विधायक मुन्ना सिंह चौहान पहले ही अपने ऊपर लगे इन आरोपों को पूरी तरह से नकार चुके हैं। उन्होंने किसी भी प्रकार की डील या कमीशन लेने की बात को सिरे से खारिज कर दिया था। फिलहाल, इस मामले में जन संघर्ष मोर्चा द्वारा की गई मांग ने क्षेत्र की सियासी हलचल बढ़ा दी है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments