रानीखेत। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) सदस्य करन माहरा के नेतृत्व में मंगलवार को विधानसभा रानीखेत क्षेत्र में “अंकिता भंडारी को न्याय दो यात्रा” निकाली गई। इस यात्रा में रानीखेत विधानसभा के विभिन्न गांवों, मोहल्लों और बाजारों से बड़ी संख्या में लोगों, महिलाओं, युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में मांग उठाई कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सज़ा दी जाए।
यह न्याय यात्रा घोड़ीखाल, चिलियानौला से शुरू होकर चिलियानौला बाजार, नया बाजार, हैड़ाखान मंदिर, बधाण, तल्ली बधाण और सोखोला होते हुए वलना तक पहुँची। यात्रा के दौरान जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं की गईं, जिनमें भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली और संवेदनहीनता पर सवाल उठाए गए। लोगों के हाथों में “अंकिता को न्याय दो, CBI जांच कराओ” जैसे नारे लिखी तख्तियां थीं।
सभा को संबोधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि “अंकिता भंडारी की हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि राज्य की बेटियों की सुरक्षा पर गहरा धब्बा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सच्चाई को सामने आने से रोकने के लिए अपराधियों और प्रभावशाली लोगों को बचा रही है। माहरा ने सवाल किया कि यदि सरकार निर्दोष है तो वह निष्पक्ष CBI जांच से क्यों डर रही है?


उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को किसी भी हाल में ठंडे बस्ते में नहीं जाने देगी। “यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी और हर नागरिक की लड़ाई है,” उन्होंने कहा। माहरा ने चेतावनी दी कि यदि CBI जांच की मांग नहीं मानी गई, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज़ करेगी।
रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने कहा कि न्याय यात्रा में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया है कि जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी और अन्यायपूर्ण नीतियों से अब थक चुकी है। समिति ने राज्य सरकार से मांग की है कि हत्याकांड की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए, दोषियों को कठोर सज़ा दी जाए, और सबूत मिटाने वालों को भी सख्त कार्रवाई के दायरे में लाया जाए।

Recent Comments