हरिद्वार में धूमधाम से मनाया गया होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस

सेवानिवृत्त जवानों को लाखों के चेक से सम्मानित

हरिद्वार। रोशनाबाद स्थित जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में रविवार को होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा का 63वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। रैतिक परेड और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। महिला एवं पुरुष होमगार्ड जवानों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य और गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिससे समारोह में उत्साह और देशप्रेम का संचार हो गया। होमगार्ड जुगुणियां बैंड के मनमोहक प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने मुख्य अतिथि सहित वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में संगठन की उपलब्धियों, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सेवा में योगदान पर प्रकाश डाला गया। विशेष रूप से सेवानिवृत्त होमगार्ड जवानों को उनके उत्कृष्ट सेवा योगदान के लिए एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे जवानों के चेहरों पर गर्व और उत्साह झलक उठा।

राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने संबोधन में कहा कि होमगार्ड्स की भूमिका आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सेवा में हमेशा महत्वपूर्ण रही है। अनुशासन और समर्पण से कार्यरत यह फोर्स जनता के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार जवानों के कल्याण और सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिवालिकनगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजीव शर्मा ने भी होमगार्ड्स की सेवाओं की सराहना की और कहा कि संकट की घड़ी में यह फोर्स समाज का मजबूत सहारा बनती है।

मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि होमगार्ड संगठन सेवा, सुरक्षा और अनुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ता रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के. जेड. अंसारी, विनोद कुमार, गंभीर बिष्ट, मीना रावत, पूजा चौहान, जय भगवान सैनी, जितेंद्र सिंह, शेर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और होमगार्ड जवान उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments