3 साल से फरार ‘सेक्सटॉर्शन’ गैंग का सरगना देहरादून से दबोचा — खुद को नारकोटिक्स अफसर बताकर मुंबई के कारोबारी से ऐंठे थे करोड़ों

उत्तराखंड STF और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार हुआ सलमान खान, गोवा पुलिस को भी दे चुका था चकमा

देहरादून। गोवा में करोड़ों रुपये की उगाही करके तीन साल से फरार चल रहे एक खतरनाक ‘सेक्सटॉर्शन’ रैकेट गैंग के सरगना को उत्तराखंड STF ने शुक्रवार को देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से दबोच लिया। गोवा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया यह शातिर अभियुक्त सलमान खान पुत्र जमशेद खान निवासी महबूब कॉलोनी माजरा, थाना पटेल नगर, देहरादून है। खास बात यह है कि इससे पहले गोवा पुलिस उसके घर पर दबिश दे चुकी थी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

कैसे बुना जाता था शिकार का जाल?

यह गैंग अपने रैकेट को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम देता था। अगस्त 2023 में सलमान खान अपने साथी इमाद निवासी सहारनपुर के साथ दिल्ली के कालका में निवेदिता शर्मा के घर पर मिला जहां मो. आयान, मोहम्मद वसीद, फैजान, फरजान, यासर, राज चौधरी और हरिद्वार निवासी भुवन अरोड़ा से उसकी मुलाकात हुई। इन सभी ने मिलकर एक सुनियोजित सेक्सटॉर्शन रैकेट बनाया जिसमें लड़कियों का इस्तेमाल करके अमीर कारोबारियों को जाल में फंसाया जाता था।

गोवा में विला किराये पर लेकर रचा षड्यंत्र

गैंग ने मुंबई के एक बड़े कारोबारी को निशाना बनाने की योजना बनाई। नॉर्थ गोवा के मापुसा में एक विला हाउस किराये पर लिया गया और उसमें वीडियो कैमरे फिट किए गए। महिला सदस्य निवेदिता शर्मा के जरिये कारोबारी को विला में बुलाया गया। रात होते ही गैंग के अन्य सदस्य विला में घुस आए और खुद को दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम बताते हुए फर्जी आईडी कार्ड दिखाए। पीड़ित कारोबारी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे बंधक बना लिया गया, मारपीट की गई और रेपुटेशन खराब करने की धमकी देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए गए।

गोवा पुलिस को दे चुका था चकमा

पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर गोवा पुलिस ने मामला दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए निवेदिता शर्मा और भुवन अरोड़ा समेत गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया। लेकिन सरगना सलमान खान घटना के बाद से ही लगातार फरार था। गोवा पुलिस ने उसके देहरादून स्थित घर पर दबिश भी दी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद गोवा पुलिस ने उत्तराखंड STF से संपर्क किया और संयुक्त अभियान चलाते हुए STF ने सटीक सूचना के आधार पर सलमान खान को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार इस गैंग ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

इस सफल अभियान में STF टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उप निरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, हेड कांस्टेबल महेंद्र नेगी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाई और कांस्टेबल मोहन असवाल शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments