संघ लोक सेवा आयोग के निदेशक नरदेव वर्मा रहे मुख्य अतिथि; समाजोत्थान और प्रेरणा पर ज़ोर
देहरादून / विकास नगर। पर्वतीय कोली समाज विकास समिति, विकास नगर द्वारा गत वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी ‘मिलन एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन देना, नव नियुक्त और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव को साझा करना तथा सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना था।
इस वर्ष के कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं, नव नियुक्त कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समिति का स्पष्ट उद्देश्य है कि युवाओं की प्रतिभा को निखारा जाए। इसी क्रम में मेधावी छात्रों को नगद धनराशि और सम्मान पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। नव नियुक्त कर्मचारियों और तैयारी कर रहे छात्रों को एक मंच पर लाया गया, ताकि उनके बीच ऊर्जा का संचार हो सके और परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिल सके। वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीवन भर का अनुभव नई पीढ़ी के साथ साझा किया, जो उनके लिए मार्गदर्शन का काम करेगा।
समारोह के मुख्य अतिथि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के निदेशक श्री नरदेव वर्मा रहे। जौनसार क्षेत्र के सामान्य परिवार से इस उच्च पद पर पहुंचने वाले श्री वर्मा को एक प्रेरणा और आदर्श के रूप में आमंत्रित किया गया, ताकि मेधावी विद्यार्थियों को सही दिशा मिल सके।
समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल जी ने बताया कि समिति निरंतर समाजोत्थान के कार्यों में संलग्न है। उन्होंने कहा, “समारोह में एकता और सामाजिक सौहार्द की भावना उत्पन्न होती है, और हम एक-दूसरे से प्रेरणा लेते हैं।”
समिति ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनके कर्तव्यों और दायित्वों की जानकारी दी, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।
समिति के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए बताया गया कि कोविड काल में लगभग चार लाख रुपये तक की राहत सामग्री वितरित की गई थी। इसके अतिरिक्त, आपदा, आगजनी, या गरीब परिवारों में गंभीर बीमारी की स्थिति में समिति ने अभी तक लगभग 20 लाभार्थियों को 50-50 हज़ार रुपये तक की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर के माध्यम से प्रदान की है।
उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के प्रति समर्पित होकर सेवा करने और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्री भजन लाल शाह, शयाम कुँवर, कुंवर सिंह चौहान, नंदिता आर्य, आशा सिंह, किरण डिमरी, सरदार सिंह, रमेश सिंह, किशन सिंह, सुश्री विमला, मनमोहन कोहली, नंद लाल भारती सहित कई विशेष ख्याति प्राप्त लोग उपस्थित रहे।

Recent Comments