जन-भागीदारी और संवैधानिक मूल्यों से ही मजबूत होता है राष्ट्र : जिलाधिकारी

संविधान—अधिकारों का आधार, कर्तव्यों का मार्गदर्शन : जिलाधिकारी

उत्तरकाशी।बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विकास भवन परिसर पहुंचकर संविधान दिवस शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विकास भवन के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) की सामूहिक शपथ दिलाई। यह आयोजन भारत के संविधान को अंगीकार करने की वर्षगांठ मनाने और सरकारी मशीनरी में संवैधानिक मूल्यों तथा सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्वयं प्रस्तावना के एक-एक वाक्य का वाचन किया और उपस्थित सभी कर्मचारियों को ‘हम भारत के लोग…’ के संकल्प को दोहराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ज़ोर दिया कि प्रत्येक लोक सेवक का यह नैतिक और संवैधानिक दायित्व है कि वह न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपने दैनिक कार्यों और जनता के साथ व्यवहार में उतारे।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी पुस्तक नहीं, बल्कि यह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने का हमारा मार्गदर्शक दर्शन है, और इसके सिद्धांतों का पालन करके ही हम सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के असाधारण योगदान को याद किया और उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म और लिंग के भेदभाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से जनता की सेवा करें, ताकि संविधान में निहित प्रत्येक नागरिक की प्रतिष्ठा सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने सभी को संविधान दिवस की बधाई दी और संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में शामिल करने और अधिकारों का पालन करने का आवाह्न किया।
जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान दिवस पर संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई ।

इस अवसर पर पीडी अजय सिंह, सीएचओ रजनीश कुमार,सीएओ एसएस वर्मा,डीएसटीओ अतुल आनंद सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments