“नितिन लोहनी हत्याकांड ने उजागर की भाजपा शासन की आपराधिक संरचना : करन माहरा”

हल्द्वानी/देहरादून। हल्द्वानी में 23 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर की गई हत्या को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में तीखा भूचाल आ गया है। उत्तराखण्ड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने इस हत्याकांड को भाजपा शासन में पनप रही उस “आपराधिक संरचना” का भयावह उदाहरण बताया है, जहाँ सत्ता का संरक्षण अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार बन चुका है।

करन माहरा ने कहा कि जिस व्यक्ति पर नितिन लोहनी की हत्या का आरोप है, वह कोई साधारण नागरिक नहीं बल्कि भाजपा का पार्षद और मंडल उपाध्यक्ष है। यही तथ्य इस पूरे मामले को और भी गंभीर बनाता है, क्योंकि सत्ता से जुड़ा व्यक्ति यदि हत्या जैसे संगीन अपराध में लिप्त पाया जाता है तो यह सीधे-सीधे कानून व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब आरोपी पर सवाल खड़े हुए हों। कुछ माह पूर्व जब पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई करने का प्रयास किया था, तब कालाढूंगी से भाजपा विधायक बंशीधर भगत खुलेआम कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गए थे और एसएसपी को धमकाते हुए कहा था—“इसे पहचान लो।” करन माहरा ने इस कथन को केवल एक धमकी नहीं, बल्कि उत्तराखंड की कानून व्यवस्था के मुँह पर मारा गया तमाचा बताया।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब सत्ता खुद अपराधियों की ढाल बन जाए, तो आम जनता न्याय की उम्मीद आखिर किससे करे। आज उत्तराखंड में अपराधियों को यह भरोसा कौन दे रहा है कि वे खुलेआम गोली चला सकते हैं और फिर भी सुरक्षित रहेंगे? क्या यही ‘डबल इंजन सरकार’ का असली चेहरा है, जहाँ भाजपा का झंडा थाम लेने से कानून बौना हो जाता है?

करन माहरा ने कहा कि यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ सख़्त कार्रवाई होती, यदि सत्ता पुलिस को डराने के बजाय उसका मनोबल बढ़ाती, तो शायद आज नितिन लोहनी ज़िंदा होता। यह केवल एक राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता की पीड़ा और आक्रोश की सच्ची आवाज़ है।

उन्होंने सरकार से सीधे सवाल करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बताए कि उसने अब तक आरोपी और उसे संरक्षण देने वालों पर क्या ठोस कार्रवाई की है। या फिर हर बार की तरह इस मामले को भी समय के अंधेरे में दफन कर दिया जाएगा?

करन माहरा ने मांग की कि नितिन लोहनी हत्याकांड की निष्पक्ष, तेज़ और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आरोपी को किसी भी राजनीतिक संरक्षण के बिना कड़ी से कड़ी सज़ा मिले और यह स्पष्ट किया जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि नितिन लोहनी को न्याय चाहिए और उत्तराखंड की जनता अब और चुप नहीं रहेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments