देहरादून। आगामी 2 नवंबर 2025 को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना और अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) द्वारा पुलिस लाइन देहरादून में ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों को ब्रीफ किया गया। इस दौरान वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में वीवीआईपी कार्यक्रम से जुड़े अन्य जनपदों के अधिकारियों ने वीसी के माध्यम से प्रतिभाग किया। एडीजी इंटेलिजेंस ने सभी प्रभारी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने साथ सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चेक करते हुए उन्हें ड्यूटी के संबंध में भली-भांति ब्रीफ करें।
एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने भी ऑनलाइन ब्रीफिंग में जुड़कर समस्त प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ब्रीफिंग में बताया गया कि वीवीआईपी रुट पर किसी प्रकार की निर्माण सामग्री नहीं होनी चाहिए और वीवीआईपी प्रवास स्थल व कार्यक्रम स्थल के आस-पास के क्षेत्रों में ड्रोन का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक (साइबर/एसटीएफ), पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व आज प्रातः पुलिस महानिरीक्षक साइबर/ एसटीएफ, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की पुलिस लाइन में ब्रीफिंग करते हुए उन्हें सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

Recent Comments