देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश आज अपराध और भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और इसके लिए पूरी तरह भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की दहशत ने उत्तराखंड के जनमानस को भयभीत कर दिया है।
गरिमा ने कहा कि बेतालघाट गोलीकांड इसका ताजा सबूत है, जिसमें नामजद आरोपी संदीप बधानी और राहुल बधानी भाजपा विधायक प्रमोद नैनवाल के भांजे हैं और पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंदी बधानी के पुत्र भी। उन्होंने खुलासा किया कि संदीप बधानी तो विधायक प्रमोद नैनवाल के परिवार रजिस्टर में भी दर्ज है।
उन्होंने जितेंद्र नेगी आत्महत्या प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि जितेंद्र नेगी ने मरने से पहले वीडियो जारी कर भाजपा नेता हिमांशु चमोली पर ठगी का आरोप लगाया था, जो मुख्यमंत्री का नाम लेकर लोगों को धोखा दे रहा था। गरिमा ने सवाल उठाया कि क्या यही भाजपा की राजनीति का नया मॉडल है?
तीसरा उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि रुड़की के भाजपा पार्षद मनीष बॉलर को STF ने गिरफ्तार किया, जो गैंगस्टर का गुर्गा बनकर काम कर रहा था और 50 करोड़ की जमीन पर कब्जे करवा चुका था। गरिमा ने कटाक्ष किया कि भाजपा का असली विकास यही है – “भूमाफिया और अपराधियों को खुली छूट।”
गरिमा ने कहा कि सोशल मीडिया पर हाल ही में पूर्व महापौर और उसके पुत्र पर गंभीर आरोपों का वीडियो वायरल हुआ है। वहीं भाजपा महिला नेत्री अनामिका शर्मा (हरिद्वार) ने “माँ” जैसे पवित्र शब्द को कलंकित कर पूरे समाज को शर्मसार किया। इसके अलावा भाजपा के चंपावत मंडल अध्यक्ष, सल्ट मंडल अध्यक्ष, लालकुआँ दुग्ध संघ अध्यक्ष और बहादराबाद के ओबीसी प्रकोष्ठ सदस्य पर लगातार अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों के आरोप लगते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह साफ हो गया है कि भाजपा का संगठन अब अराजक तत्वों की शरणस्थली बन चुका है। आज पूरे प्रदेश की जनता भय के साये में जी रही है। भाजपा अब सत्ता में नहीं, बल्कि अपराधियों के गिरोह में तब्दील हो चुकी है जिसने उत्तराखंड की अस्मिता, सुरक्षा और भविष्य को बंधक बना लिया है।
गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि देवतुल्य जनता ने भाजपा को लगातार दो बार डबल इंजन की प्रचंड बहुमत वाली सरकार दी थी, लेकिन बदले में भाजपा ने जनता को गुंडाराज और माफियाराज थमा दिया।

Recent Comments