देहरादून। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने निर्माणाधीन बिल्डिंग से बिजली के तार चोरी होने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को सृष्टि विहार, देहरादून निवासी आलोक नौटियाल ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च 2026 को उनकी नवनिर्माणाधीन बिल्डिंग से अज्ञात व्यक्ति बिजली के तारों के बंडल चोरी कर ले गया। इस संबंध में थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा संख्या 102/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर 21 मार्च 2026 को बहादराबाद बाईपास से घटना में शामिल आरोपी अब्दुल अहमद उर्फ मंटू पुत्र कबूल, निवासी डेरा गांव, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 12 बंडल बिजली के तार बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार संख्या UK08S-5445, शेवरले क्रूज़, भी कब्जे में ली गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Recent Comments