
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के उस बयान पर तीखा पलटवार किया जिसमें उन्होंने सड़कों पर नमाज़ न पढ़ने देने की चेतावनी दी थी। अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि “एक तरफ प्रदेश की जनता रसोई गैस के लिए त्राहिमाम कर रही है और दूसरी तरफ सरकार को सड़क पर नमाज़ियों की चिंता सता रही है।”
पहाड़ों में महीनों से नहीं मिल रहा एक सिलेंडर
धस्माना ने कहा कि पहाड़ी जिलों के लोगों को कई-कई महीनों से रसोई गैस का एक भी सिलेंडर नसीब नहीं हो रहा। लोग लंबी-लंबी कतारों में घंटों खड़े रहते हैं, गर्मी में भूखे-प्यासे झुलसते हैं और जब तक उनका नंबर आता है सिलेंडर खत्म हो चुका होता है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर समस्या पर न मुख्यमंत्री के पास कोई जवाब है और न ही पार्टी अध्यक्ष या पदाधिकारियों के पास।
नीट पेपर लीक पर भी सरकार मौन
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश के 21,000 से अधिक छात्र-छात्राएं जो दो-दो साल से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, पेपर लीक के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। इस पर भी सरकार और भाजपा ने “मुंह में पट्टी बांध रखी है।” धस्माना ने कहा कि जब कभी ये पट्टी हटाते हैं तो मुंह से जन सरोकारों की बात नहीं, बल्कि नमाज़, मदरसा, लव जेहाद और लैंड जेहाद जैसे जुमले ही निकलते हैं।
जनता समझ चुकी है नफरत की राजनीति — धस्माना
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा जानबूझकर जनता की असली समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक मुद्दों को हवा देती रहती है, लेकिन अब उत्तराखंड और देश की जनता इस “नफरत की राजनीति” को भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “आने वाले समय में जनता इन्हें उचित जवाब देगी।”

Recent Comments