
अल्मोड़ा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं रानीखेत के पूर्व विधायक करण माहरा ने राज्य सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए राम मंदिर चंदे की पारदर्शी जांच और पर्वतीय क्षेत्रों की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं में तत्काल सुधार की मांग की है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं दिखाई दे रही है।
करण माहरा ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ दान और चढ़ावा दिया है। ऐसे में जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि इस धनराशि और सामग्री का उपयोग किस प्रकार किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर शनिवार को रानीखेत में विरोध रैली निकाली जाएगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से प्रतीकात्मक रूप से चावल एकत्र करेंगे, जिन्हें अयोध्या भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए करण माहरा ने कहा कि रानीखेत उप-जिला चिकित्सालय सहित पर्वतीय क्षेत्रों के सरकारी अस्पताल विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रानीखेत अस्पताल से चार अनुभवी चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया है, जबकि अस्पताल में स्वीकृत 90 पदों में से 32 पद पहले से ही खाली पड़े हैं। लैब टेक्नीशियन, एंबुलेंस चालक और अन्य कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करने और स्थानांतरित चिकित्सकों के मामलों की पुनः समीक्षा करने की मांग की।
पूर्व विधायक ने क्षेत्रीय विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का उद्घाटन वर्तमान विधायक कर रहे हैं, उनमें से अधिकांश उनके विधायक रहते स्वीकृत और शुरू कराई गई थीं। उन्होंने रानीखेत नगर में प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण योजना का विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस वैकल्पिक मार्गों के विकास के पक्ष में है, लेकिन शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Recent Comments