देहरादून, 11 अप्रैल2025 (एजेंसिया): राजधानी देहरादून के प्रवेश द्वार आईएसबीटी चौक पर वर्षों से मानसून के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से अब निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा तैयार किए गए नए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कार्य आईएसबीटी पर तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मई माह से पहले हर हाल में इस कार्य को पूरा किया जाए, ताकि इस वर्ष मुख्यमंत्री को जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए आईएसबीटी का दौरा न करना पड़े।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्वयं शिमला बाईपास और आईएसबीटी ड्रेनेज कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को कार्यों की गहन निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही, ठेकेदार को मानव संसाधन बढ़ाकर दिन-रात काम करने की अनुमति देते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि शर्तों के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उनके लगातार निरीक्षण और सख्त निर्देशों के बाद आईएसबीटी ड्रेनेज कार्य ने तेजी पकड़ ली है। वर्तमान में अपूर्व माप की खुदाई और ह्यूम पाइप डालने का काम प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने मानवशक्ति, सामग्री और मशीनरी को दोगुना करने के निर्देश दिए हैं ताकि मई से पहले इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा किया जा सके। बीते दिनों जिलाधिकारी ने शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया था और धीमी प्रगति पर संबंधित एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाई थी।
यह उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बुलेट पर आईएसबीटी ड्रेनेज, यातायात नियंत्रण और फ्लाईओवर सुधार कार्यों का निरीक्षण किया था, जिसके परिणामस्वरूप इन कार्यों में तेजी आई है। जिलाधिकारी हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि इस ड्रेनेज प्लान को रिकॉर्ड समय में धरातल पर उतारा जा सके।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि स्मार्ट सिटी के बजट में इस योजना के निर्माण के साथ-साथ इसके रखरखाव का भी प्रावधान किया गया है। आईएसबीटी में जलभराव की समस्या दूर होने से आम जनता और यात्रियों को अब भारी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

राजधानी देहरादून में नागरिकों को सुगम सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल हर स्तर पर कार्य कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार करने में जुटे हैं। उनके प्रयासों से न केवल देहरादून की ऐतिहासिक धरोहरों का सौंदर्यीकरण हो रहा है, बल्कि सुगम और सुरक्षित सड़क व्यवस्था के लिए भी नई पहल की जा रही है। शहर में नए निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए जिलाधिकारी ने स्मार्ट सिटी से 10 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। जिलाधिकारी की सक्रियता और दृढ़ संकल्प से उम्मीद है कि आईएसबीटी पर जलभराव की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान जल्द ही हो जाएगा।

Recent Comments