नैनीताल। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बहन अंकिता भंडारी हत्याकांड की तीसरी बरसी पर नैनीताल में आयोजित एक विशाल प्रदर्शन में शामिल होकर राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन साल बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है और सरकार ने सच को दबाने और अपराधियों को बचाने का काम किया है।
माहरा ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, “तीन साल बीत गए, लेकिन आज भी वही सवाल जिंदा है कि आखिर वह ‘वीआईपी’ कौन था जिसकी हवस और दबाव ने अंकिता की जान ले ली? किसके इशारे पर सबूतों को नष्ट किया गया? किसकी रक्षा के लिए हत्याकांड को राजनीतिक संरक्षण देकर न्याय को रोका गया? भाजपा सरकार ने आज तक इन सवालों का जवाब नहीं दिया।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने इस मामले को उत्तराखंड की ‘अस्मिता’ से जोड़ते हुए कहा कि अंकिता केवल एक बेटी का नाम नहीं बल्कि पूरे राज्य का प्रतीक है। उन्होंने भाजपा सरकार पर ‘मिलीभगत’ और ‘ढाल’ बनने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की चुप्पी अब सबके सामने है।
माहरा ने संकल्प दोहराया कि जब तक अंकिता को सच्चा न्याय नहीं मिलता और हत्यारों तथा उनके संरक्षकों को कठोर सजा नहीं दी जाती, तब तक यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकिता की पुकार गूंजती रहेगी और भाजपा सरकार को एक दिन इसका जवाब देना ही पड़ेगा।
इस प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है और मामले में त्वरित न्याय की मांग को फिर से जोरशोर से उठाया है।

Recent Comments