देहरादून। तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दो शूटरों समेत मृतक की मां और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक संपत्ति विवाद में 12 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी।
एसएसपी के निर्देश पर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। देर रात रायपुर क्षेत्र के लाडपुर में एक संदिग्ध को रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसकी पहचान राजीव उर्फ राजू (50) निवासी चक्खुवाला के रूप में हुई। मौके से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
इसी क्रम में डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में बैरियर पर एक स्कूटी सवार ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंकज राणा (52) घायल हो गया। उसके कब्जे से भी 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुए। दोनों सगे भाई हैं और चक्खुवाला क्षेत्र में रहते हैं। दोनों को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्कूटी सवार दो हमलावरों की पहचान हुई। पूछताछ में दोनों ने परेड ग्राउंड तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि उक्त संपत्ति की 14 करोड़ रुपये में डील डॉ. अजय खन्ना से हुई थी, जिसमें से 8 करोड़ रुपये दिए जा चुके थे। लेकिन अर्जुन शर्मा ने न्यायालय से स्टे ले लिया था, जिससे डील अटक गई। डील फंसने और पैसों के दबाव के चलते बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
जांच में सामने आया कि घटना से पहले और बाद में पंकज राणा की विनोद उनियाल से व्हाट्सएप पर बातचीत हुई थी। साथ ही मृतक की मां ने उसके मैनेजर से उसकी दिनचर्या की जानकारी भी जुटाई थी। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य शूटरों को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है। बरामदगी में दो तमंचे (315 बोर), जिंदा व खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कूटी शामिल है। पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन विवेचना की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
तिब्बती मार्केट हत्याकांड का खुलासा: 12 लाख की सुपारी में बेटे की हत्या, मां समेत पांच गिरफ्तार
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page

Recent Comments