संडे बाजार शिफ्ट होने पर व्यापारियों ने कांग्रेस नेताओं का किया सम्मान

देहरादून। राजधानी के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में लंबे समय से जाम और अव्यवस्था का कारण बन रहे रेंजर्स ग्राउंड स्थित संडे बाजार को स्थानांतरित कर हरिद्वार रोड बाइपास स्थित आईएसबीटी के समीप शिफ्ट किए जाने पर शहर के व्यापारियों ने कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने पूर्व विधायक राजकुमार तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा को शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुनील कुमार बांगा ने कहा कि रेंजर्स ग्राउंड क्षेत्र में संडे बाजार लगने से व्यापारिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही थीं। सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे ग्राहकों के साथ-साथ दुकानदारों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती थी। कांग्रेस नेताओं के निरंतर प्रयासों से बाजार को शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया, जिससे मुख्य बाजारों में अब आवागमन सुचारु हो सकेगा और व्यापार को नई गति मिलेगी।

पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि शहर में पार्किंग और यातायात की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रेंजर्स ग्राउंड और पटेल पार्क जैसे इलाकों में अनावश्यक पार्किंग व्यवस्था से आम जनता परेशान थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी देहरादून एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करेगा, ताकि शहर को जाम से मुक्ति दिलाई जा सके।

पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में भी व्यापारियों ने पार्किंग हटाने के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था, इसके बावजूद दोबारा वहीं व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया गया, जिसका कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि पटेल पार्क के आसपास दोबारा पार्किंग व्यवस्था लागू करना व्यापारियों और नागरिकों दोनों के हित में नहीं है और इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए।

समारोह में व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि संडे बाजार के स्थानांतरण से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि राजधानी के मुख्य बाजारों में व्यापारिक गतिविधियों को भी संबल मिलेगा। कार्यक्रम में सुरेश गुप्ता, अरुण कोहली, हिमांशु खुराना, राजेंद्र सिंह घई, राम कपूर, अजीत सिंह, रजत कुमार, आमिर खान, रिंकू जौहर, रमन जौहर, संजीव कुमार, गुरनैन सिंह, शकील अहमद खान, करण जौहर सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments