विश्व पर्यावरण दिवस पर देहरादून में परिवहन विभाग का विशेष अभियान, प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा पर जोर

देहरादून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परिवहन विभाग, देहरादून ने शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण और सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाया। यह अभियान डॉ. अनीता चमोला, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून के निर्देशन में संचालित किया गया।

अभियान के तहत जनपद देहरादून के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। प्रवर्तन अधिकारियों ने वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) की जांच करते हुए वाहन चालकों को स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने, प्रदूषण कम करने और ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक किया। जिन वाहनों के पास वैध पीयूसी प्रमाण-पत्र नहीं मिला, उन्हें नियमानुसार नोटिस जारी कर शीघ्र प्रदूषण जांच कराने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान परिवहन विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न प्रदूषण जांच केंद्रों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रदूषण जांच उपकरणों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की गहन जांच की गई। केंद्र संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रदूषण परीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किया जाए।

विशेष अभियान में वाहन चालकों को नियमित वाहन सर्विसिंग, उचित टायर प्रेशर बनाए रखने, अनावश्यक रूप से इंजन चालू न रखने और ईंधन बचत के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि वाहनों का नियमित रखरखाव न केवल वायु प्रदूषण को कम करता है, बल्कि ईंधन की बचत और वाहन की कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर डॉ. अनीता चमोला ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। वाहनों का नियमित प्रदूषण परीक्षण, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन तथा ईंधन संरक्षण की आदतें न केवल पर्यावरण की रक्षा करती हैं, बल्कि समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रत्येक नागरिक को अपने वाहन का समय-समय पर प्रदूषण परीक्षण कराना चाहिए तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।”

इसी अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड सनत कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा कि “पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक दायित्व है, जिसमें सरकार, संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक की समान एवं महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ते वायु प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। वाहन स्वामियों को अपने वाहनों का नियमित प्रदूषण परीक्षण कराना चाहिए तथा अनावश्यक वाहन उपयोग से बचते हुए ईंधन संरक्षण को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है कि हम स्वच्छ पर्यावरण, सुरक्षित सड़कों और भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।”

उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अपने वाहनों को निर्धारित प्रदूषण मानकों के अनुरूप बनाए रखने की अपील भी की।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments