भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के आश्वासन के बाद दो सप्ताह से चल रहा महाविद्यालय के छात्रों का धरना समाप्त

बड़कोट। राजकीय महाविद्यालय तटाऊ (बड़कोट) में चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से चल रहा छात्र-छात्राओं का धरना शनिवार को भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और बड़कोट एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। छात्रों ने मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई शुरू किए जाने का भरोसा मिलने के बाद आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।

छात्र-छात्राएं महाविद्यालय के उच्चीकरण, डांडा गांव से महाविद्यालय तक सड़क मार्ग की स्वीकृति, महाविद्यालय की चारदीवारी एवं भूमि संबंधी प्रकरण का निस्तारण तथा महाविद्यालय के लिए नियमित बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर बीते दो सप्ताह से धरने पर बैठे थे।
धरना समाप्त कराने पहुंचे भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि उनकी मांगों को संबंधित स्तर पर रखा जाएगा और जल्द सकारात्मक कार्रवाई शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं एसडीएम बड़कोट बृजेश कुमार तिवारी ने भी छात्रों को उनकी मांगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

छात्रों ने कहा कि महाविद्यालय से जुड़ी इन मांगों को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन से आग्रह किया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। छात्रों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया जा रहा है, लेकिन यदि निर्धारित समय में उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।

छात्र नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय के उच्चीकरण के साथ सड़क, चारदीवारी, भूमि प्रकरण और नियमित बस सेवा जैसी मूलभूत सुविधाएं छात्र-छात्राओं के भविष्य और महाविद्यालय के विकास से सीधे जुड़ी हैं। इन मांगों का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है।
इस मौके पर छात्र नेता सम्पन्न बहुगुणा, छात्रसंघ अध्यक्ष निकिता, महासचिव ध्रुव, प्राची, ऋषभ, नमन, आयुष सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments