उज्ज्वला 3.0: जिलाधिकारी ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जिला उज्ज्वला समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उज्ज्वला 3.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों की पहचान, ई-केवाईसी, दस्तावेज सत्यापन एवं गैस आपूर्ति की सुव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि नियमानुसार सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पात्र परिवारों की अद्यतन सूची तैयार रखने, डुप्लीकेसी रोकने, तथा ई-केवाईसी प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए।

गैस आपूर्तिकर्ता कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन, पात्रता जांच, दस्तावेज सत्यापन, पोर्टल एंट्री और डुप्लीकेसी पहचान को लेकर सभी गैस प्रबंधकों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने आवेदन की स्थिति को नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने तथा किसी आवेदन में कमी पाए जाने पर आवेदक को तुरंत सूचित करने के निर्देश भी दिए।

जिला स्तरीय नोडल अश्विनी कुमार ने योजना की बारीकियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे परिवार जिनकी मासिक आय 10,000 रुपये से कम है, जिनके नाम पर कोई गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं है और जिनके परिवार की मुखिया महिला है—वे उज्ज्वला 3.0 के तहत पात्र हैं। ऐसे परिवार अपने निकटवर्ती गैस एजेंसी पर अथवा pmuy.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की आपूर्ति को सुचारू और समान रूप से सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण का रोस्टर तैयार कर उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments