

देहरादून। राजधानी देहरादून में छात्रों और पुलिस के बीच उपजे विवाद को वार्ता के जरिए सुलझा लिया गया। बुधवार को UPES परिसर में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनीष मदान, प्रेमनगर थानाध्यक्ष (SHO) नरेश राठौर और संबंधित छात्र-छात्राओं के बीच बैठक हुई, जिसके बाद आपसी सहमति बनी। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।
हालिया प्रकरण में कुछ छात्रों ने पुलिस पर रिश्वत मांगने, मारपीट करने और शिकायत दर्ज न करने जैसे आरोप लगाए थे। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक छात्रा ने दावा किया कि बिधौली क्षेत्र में रोकने के दौरान विरोध करने पर उसके मित्र के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट हुई।
देहरादून पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि 17 अगस्त को वीवीआईपी कार्यक्रमों के कारण विशेष चेकिंग चल रही थी। उसी दौरान दो पक्षों के विवाद की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए वैधानिक कार्रवाई की गई।
विवाद की जांच का दायित्व क्षेत्राधिकारी (नगर) को सौंपा गया। इसी क्रम में UPES प्रशासन की पहल पर पुलिस और छात्रों के बीच संवाद स्थापित हुआ। बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और पारस्परिक समझ से विवाद समाप्त करने पर सहमति बनी।
UPES प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है तथा किसी भी विवाद का समाधान संवाद और समन्वय से किया जाना चाहिए। सुलह के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य है।

Recent Comments