
देहरादून। देहरादून के लक्खी बाग क्षेत्र में 14 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि किराए पर रहने वाले परिवार की नाबालिग बेटी को मकान मालिक के भांजे ने दूसरी मंजिल पर बने शौचालय में ले जाकर दुष्कर्म किया।
घटना सामने आते ही स्थानीय लोग भड़क उठे और कुछ संगठनों से जुड़े लोगों ने आरोपी की पिटाई के साथ दुकान में तोड़फोड़ भी की। बाद में ये लोग नगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस पर कार्रवाई तेज करने का दबाव बनाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।पलटन बाजार में भी दुकानों को बंद कराने की कोशिश की गई, जिससे तनाव और बढ़ गया।
सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल के अनुसार, पीड़िता की मां ने शिकायत में बताया कि देर रात उनकी बेटी शौचालय गई थी और काफी देर तक वापस नहीं लौटी। ऊपर जाकर देखने पर बच्ची ने बताया कि मकान मालिक के भांजे ने उसे खींचकर दुष्कर्म किया।
पुलिस ने कहा कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और 351(3) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। अधिकारी के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

Recent Comments