“उत्तराखंड: 8,299 श्रमिकों को मिला ऑनलाइन लाभ, 24.85 करोड़ की DBT सहायता जारी”

देहरादून। उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए श्रमिकों और उनके आश्रितों के 8,299 आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण किया गया। इसमें पुत्री विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना और शिक्षा सहायता योजना शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक क्लिक के माध्यम से कुल ₹24,85,19,700 (चौबीस करोड़ पचासी लाख उन्नीस हजार सात सौ रुपये) की धनराशि श्रमिकों और उनके आश्रितों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) किया।

श्रम सचिव श्रीधर बाबू अददांकी और श्रमायुक्त प्रकाश चंद्र दुमका ने बताया कि केवल पिछले एक माह में विशेष अभियान के तहत इन आवेदनों का निस्तारण किया गया। यह पहला अवसर है जब बोर्ड स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर आवेदन ऑनलाइन निपटाए गए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से जारी रखा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रम विभाग को न केवल श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा, बल्कि उद्योगों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर रोजगार के अवसरों को और सुगम बनाना होगा। उन्होंने श्रम विभाग द्वारा लेबर सेस मैनेजमेंट पोर्टल एवं ई-श्रम पोर्टल पर हासिल की गई प्रगति की भी सराहना की।

इस मौके पर राज्य मंत्री गीता रावत, उप श्रमायुक्त मधु नेगी चौहान, विपिन कुमार, उमेश चंद्र राय, के.के. गुप्ता, कमल जोशी सहित श्रम विभाग के अन्य अधिकारी तथा HDFC बैंक की ओर से सुमित गोयल, इशान शर्मा और रोहित थपलियाल भी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments