देहरादून: नकल विरोधी कानून के तहत यूकेएसएसएससी (UKSSSC) स्नातक स्तरीय परीक्षा में दर्ज अभियोगों के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने आज, 24 सितंबर 2025 को, जनपद में स्थित विभिन्न कोचिंग सेंटर प्रबंधकों और संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की।
गोष्ठी के दौरान एसएसपी देहरादून ने उपस्थित संचालकों से नकल विरोधी कानून के तहत दर्ज अभियोग के संबंध में उनके तथा उनके संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के विचार/दृष्टिकोण का फीडबैक लिया।
कोचिंग कक्षाओं के नियमित संचालन का आश्वासन
कुछ कोचिंग संस्थानों द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर को यह शिकायत दी गई थी कि कुछ अवांछनीय तत्व उनकी कोचिंग कक्षाओं को नियमित रूप से नहीं चलने दे रहे हैं और छात्रों पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। एसएसपी देहरादून ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संचालकों को आश्वस्त किया कि वे बिना किसी भय के नियमित रूप से अपनी कोचिंग कक्षाओं का संचालन जारी रखें।

एसएसपी देहरादून ने स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र के फोटो आउट होने के संबंध में दर्ज नकल विरोधी कानून के तहत दर्ज अभियोग की जानकारी दी। उन्होंने छात्र हितों की सुरक्षा और मामले की गंभीरता को देखते हुए, उक्त अभियोग की विवेचना पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश को सौंपने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में सम्मिलित 02 मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
गोष्ठी में यह भी जानकारी दी गई कि यूकेएसएसएससी परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने के मामले की विस्तृत विवेचना के लिए शासन स्तर पर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) गठित की गई है। इस एसआईटी की निगरानी माननीय उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपी गई है, और इसका कार्यक्षेत्र संपूर्ण प्रदेश होगा।
गठित एसआईटी इस अभियोग के सभी पहलुओं की गहन विवेचना करेगी। इसके अतिरिक्त, एसआईटी ने छात्रों, अभ्यर्थियों या किसी अन्य व्यक्ति को प्रकरण से संबंधित कोई भी जानकारी या सूचना साझा करने के लिए जल्द ही ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर जारी करने की बात कही।

एसएसपी देहरादून ने संचालकों को राज्य में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी और उनसे आग्रह किया कि वे इन प्रावधानों के विषय में अपने संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी अवगत कराएं।
सभी संस्थान संचालकों ने गोष्ठी के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा दिए गए सुझावों और साझा की गई जानकारियों का स्वागत किया।

Recent Comments