देहरादून : उत्तराखंड सरकार ने गुरुवार को राज्य के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया। प्रदेश सरकार ने 15 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इनमें एक प्रमुख निर्णय आईपीएस अधिकारी तृप्ति भट्ट को गृह विभाग में अपर सचिव का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपना है।
इस नियुक्ति के साथ ही शासन में अपर सचिव (गृह) के पद पर कार्यरत अधिकारियों की संख्या बढ़ गई है। इस पद पर पहले से आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती तैनात थीं। अब तृप्ति भट्ट भी इसी भूमिका में उनके साथ शामिल हो गई हैं। इसके अतिरिक्त, श्रीमती भट्ट फायर सर्विस में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार भी संभालेंगी।
गुरुवार को जारी इस व्यापक तबादले में कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के पदों में भी परिवर्तन किए गए हैं। आदेशों के अनुसार, आईपीएस विम्मी सचदेवा से पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) का दायित्व वापस ले लिया गया है। नीरू गर्ग को पीएसी/एटीसी की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक (फायर सर्विस) नियुक्त किया गया है।
सीआईडी के प्रमुख रहे कृष्ण कुमार वीके को भी उनके पद से हटाया गया है। इस पद पर अरुण मोहन जोशी को नया प्रमुख नियुक्त किया गया है, जबकि उनसे पुलिस महानिरीक्षक (एसडीआरएफ) का कार्यभार ले लिया गया है। मुख्तार मोहसिन को फायर सर्विस की जिम्मेदारी से हटाकर जीआरपी का प्रमुख बनाया गया है।
करन सिंह नगन्याल को पुलिस महानिरीक्षक (कारागार) का अतिरिक्त दायित्व मिला है। नीलेश आनंद भरणे को पुलिस महानिदेशक (पीएसी) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सुनील कुमार मीना से जीआरपी की जिम्मेदारी वापस ली गई है।
योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) नियुक्त किया गया है। निवेदिता कुकरेती को अब पुलिस उपमहानिरीक्षक (एसडीआरएफ) बनाया गया है। यशवंत सिंह को आईआरबी प्रथम रामनगर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में, रामचंद्र राजगुरु को पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) भेजा गया है। सरिता डोभाल को पुलिस अधीक्षक (एटीएस) का अतिरिक्त दायित्व मिला है। हरीश वर्मा को 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार का सेनानायक बनाया गया है।
इन तबादलों के माध्यम से प्रशासनिक मंचों पर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता और आवश्यकता को ध्यान में रखकर किया गया है।
यहां देखें तबादला आदेश




Recent Comments