

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष (उद्योग प्रकोष्ठ) आशुतोष पुनेठा ने अपने पद और प्राथमिक सदस्यता से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा एक वीडियो जारी करके सार्वजनिक किया है, जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
वीडियो संदेश में आशुतोष पुनेठा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संरक्षण मंडल पर तीखा हमला बोला है। उनका आरोप है कि उन्होंने पार्टी के पुराने और निष्ठावान नेताओं की कार्यप्रणाली और गतिविधियों के बारे में शीर्ष नेतृत्व को कई घंटे की लंबी बैठकों में विस्तार से बताया था। पुनेठा का दावा है कि इन तमाम चेहरों की नीयत और आचरण पर गंभीर सवाल खड़े होने के बावजूद पिछले दो महीनों से उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं की गई और न ही इस पर कोई विचार किया गया।
पुनेठा ने पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और साजिशों का पर्दाफाश करते हुए कहा कि पार्टी के अंदर ही संगठन विरोधी और पार्टी विरोधी गतिविधियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (AAP) से आए नेताओं और पुराने दलबदलू नेताओं का आचरण और उनकी गतिविधियां संगठन को अंदर से खोखला कर रही हैं। इन तमाम बातों से उनका मन बेहद आहत हुआ है।
अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए आशुतोष पुनेठा ने कैमरे पर यहां तक कह दिया कि उन्होंने पार्टी ज्वाइन करके बड़ी गलती कर दी थी। अगर उन्हें पहले से ही पार्टी के भीतर की इन काली सच्चाइयों और गतिविधियों के बारे में पता होता, तो वे कभी यूकेडी (UKD) ज्वाइन ही नहीं करते।
वीडियो के अंत में उन्होंने साफ कर दिया कि इस वीडियो को ही उनका आधिकारिक इस्तीफा समझा जाए और उन्हें तुरंत उनके पदों से मुक्त किया जाए। उत्तराखंड क्रांति दल के भीतर उठे इस सियासी तूफान और अध्यक्ष के इस तरह खुलासे के बाद अब देखना यह होगा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पर क्या सफाई देता है और आगे क्या कदम उठाता है।

Recent Comments