बादशाह और नीति मोहन मंच पर, गढ़वाली-जौंसारी कलाकार भी संभालेंगे कमान
देहरादून ( हमारी चौपाल)उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर देश और दुनिया की नज़रों में चमकने को तैयार है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का दूसरा सीजन 23 सितंबर से 5 अक्टूबर तक राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। इस दौरान मैदान पर क्रिकेट की धड़कनें तो तेज़ होंगी ही, साथ ही संगीत और संस्कृति का रंगीन कारवां भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा।
स्टार पावर और देसी टैलेंट का संगम
यूपीएल का आगाज़ 23 सितंबर को एक भव्य उद्घाटन समारोह से होगा। इसमें इंटरनेशनल सेंसेशन एलनाज़ नौरोज़ी मंच संभालेंगी, लेकिन असली आकर्षण उत्तराखंड की अपनी आवाज़ें होंगी।
गढ़वाली मेशअप गायक रुहान भारद्वाज और सुरों की धारा करिश्मा शाह अपने लोक और आधुनिक गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। जौंसारी लोकधारा की ऊर्जा लेकर अज्जू तोमर और अजय चौहान मंच पर धमाल मचाएंगे। साथ ही देहरादून की उभरती स्टार सना सुल्तान अपने डांस परफॉर्मेंस से स्टेडियम को रोशन करेंगी।
यह आयोजन केवल क्रिकेट और बॉलीवुड सितारों का ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच देने का भी उत्सव है।

क्रिकेट का रोमांच
सीजन की शुरुआत महिला टूर्नामेंट से होगी। मंगलवार को डिफेंडिंग चैंपियन मसूरी थंडर्स और पिथौरागढ़ हरिकेन्स के बीच दोपहर 3 बजे पहला मुकाबला होगा। शाम 7:30 बजे टिहरी क्वीन और हरिद्वार स्टॉर्म आमने-सामने होंगी।
पुरुषों का रोमांचक फाइनल 5 अक्टूबर को होगा, जहां न केवल विजेता टीम का ताज पहनाया जाएगा, बल्कि संगीत के बादशाह रैपर बादशाह अपने सुपरहिट गानों से समापन समारोह को ऐतिहासिक बनाएंगे। इससे पहले 26 सितंबर को महिला फाइनल के उपरांत बॉलीवुड आइकन नीति मोहन अपनी मधुर आवाज़ से स्टेडियम को सुरों की महफिल में बदल देंगी।
महिला खिलाड़ियों के साथ भेदभाव पर सवाल
हालांकि, इस पूरे जश्न के बीच महिला खिलाड़ियों के साथ भेदभाव का मुद्दा भी उठ रहा है। खेल विश्लेषकों ने सवाल उठाया है कि महिला टीमों को पुरुष खिलाड़ियों की तुलना में कम पुरस्कार राशि दी जा रही है और उनके मैच केवल फैनकोड ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाए जा रहे हैं, जबकि पुरुष मैच टीवी और ओटीटी दोनों माध्यमों पर प्रसारित होंगे।
इस पर आयोजकों का कहना है कि एशिया कप की वजह से उन्हें महिला मैचों के लिए टीवी पर प्रसारण की विंडो नहीं मिल सकी।

खास मेहमान और नवाचार
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव किरण रौतेला वर्मा ने बताया कि महिला फाइनल में मुख्य अतिथि गीता धामी (मुख्यमंत्री की पत्नी) और खेल मंत्री रेखा आर्य मौजूद रहेंगी। वहीं पुरुष फाइनल में राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।
इस बार आयोजन में एक अनूठा प्रयोग भी होगा—पुरुष फाइनल के बाद विजेता टीम की ट्रॉफी पैराग्लाइडर के ज़रिए ऊपर से लाकर सीधे मुख्यमंत्री के हाथों सौंपी जाएगी। आयोजकों का दावा है कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का प्रयोग हो रहा है।
उत्तराखंड की आवाज़” प्रतियोगिता
यूपीएल सीजन-2 में इस बार एक नया मंच भी जोड़ा गया है—“उत्तराखंड की आवाज़” प्रतियोगिता। इसमें 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के खेल प्रेमियों को बतौर स्पोर्ट्स प्रजेंटर मौका देने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक 400 से अधिक नामांकन आ चुके हैं। चयनित प्रतिभाओं को टीवी और ओटीटी प्रसारण टीम का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
उत्सव का संदेश
किरण रौतेला वर्मा ने कहा—
“उत्तराखंड प्रीमियर लीग सिर्फ क्रिकेट का टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि यह राज्य की खेल और सांस्कृतिक उत्कृष्टता का उत्सव है। इस बार भारत के बड़े सितारों और हमारे स्थानीय कलाकारों के संगम ने इसे और भव्य बना दिया है।”

परिवारों के लिए उत्सव
23 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाला यूपीएल सीजन-2 परिवारों और दोस्तों के लिए खेल और मनोरंजन का परफेक्ट संगम साबित होगा। देहरादून न केवल क्रिकेट प्रेमियों बल्कि सांस्कृतिक जश्न का गवाह बनेगा—जहां बल्ले और सुर, दोनों एक साथ गूंजेंगे।

Recent Comments