देहरादून | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा के नेतृत्व में पदाधिकारियों का दल मौजूद रहा। बैठक में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी शामिल हुए।
लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री धामी ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, हितों और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि मीडियाकर्मी राज्य के विकास में सकारात्मक और रचनात्मक सहयोग देंगे।
प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब को पहले भी मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी पत्रकारों के हितों को लेकर यह सहयोग जारी रहेगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय राणा और महामंत्री योगेश सेमवाल ने प्रेस क्लब भवन निर्माण के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे पत्रकारों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस मुलाकात में कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा एवं मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी सहित कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, वीरेंद्र डंगवाल, मनोज जयाड़ा, हरीश थपलियाल और मनवर सिंह रावत मौजूद रहे।

Recent Comments