उत्तराखंड: उत्तरकाशी आपदा राहत के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और विशेष बलों की त्वरित तैनाती

देहरादून: उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा की गंभीरता को देखते हुए, उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक मुख्यालय ने राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और विशेष पुलिस बलों को भेजा है।
राहत एवं समन्वय कार्यों का नेतृत्व करने के लिए भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक SDRF श्री अरुण मोहन जोशी और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप सहित दो IG, तीन SP, एक कमांडेंट और 11 डिप्टी SP को तुरंत उत्तरकाशी भेजा गया है।
आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत करने के लिए, सेनानायक IRB द्वितीय श्रीमती श्वेता चौबे के नेतृत्व में 40वीं वाहिनी PAC के विशेष आपदा राहत दल (E कंपनी) और IRB द्वितीय, देहरादून की C कंपनी भी उत्तरकाशी के लिए रवाना हो चुकी है।
इसके अतिरिक्त, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जिलों से कुल 160 पुलिसकर्मियों (निरीक्षक से आरक्षी स्तर तक) को आवश्यक आपदा राहत उपकरणों के साथ प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया है, ताकि स्थानीय प्रशासन को तुरंत सहायता मिल सके।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ ने कहा, “उत्तरकाशी में हुई इस प्राकृतिक आपदा से जो पीड़ा और नुकसान हुआ है, वह अत्यंत दुखद है। पुलिस विभाग द्वारा सभी संसाधनों और मानवीय संवेदनाओं के साथ राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। हमारा प्रयास है कि हर प्रभावित व्यक्ति तक शीघ्र सहायता पहुंचे। पुलिस बल को 24×7 अनवरत रूप से राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।”
इन त्वरित और समन्वित प्रयासों का उद्देश्य आपदा प्रभावित क्षेत्र में जनहानि को कम से कम करते हुए राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी और प्रभावी ढंग से पूरा करना है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments