पुलभट्टा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में यूपी-उत्तराखण्ड बॉर्डर पर दबोचा गया तस्कर; लंबे समय से अवैध हथियार सप्लाई में था सक्रिय
रुद्रपुर/पुलभट्टा । उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 06 तमंचे 315 बोर, 01 राइफल 12 बोर, 02 खोखा कारतूस .32 बोर तथा एक वैगनआर कार बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हथियार उत्तर प्रदेश की अवैध हथियार फैक्ट्री में तैयार किए गए थे और आरोपी लंबे समय से उत्तराखण्ड तथा उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई में संलिप्त था।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों और राज्य में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा राज्य में सक्रिय गैंग, गैंगस्टर और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, STF अजय सिंह ने एक विशेष टीम का गठन कर अवैध हथियारों के नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई थी।
एसएसपी STF अजय सिंह के अनुसार, STF को 13 अप्रैल 2026 को यूपी-उत्तराखण्ड सीमा पर अवैध हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर STF टीम ने थाना पुलभट्टा पुलिस की मदद से घेराबंदी की और एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गंगवार पुत्र नन्हे लाल गंगवार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम आमखेड़ा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तरांचल कॉलोनी, थाना किच्छा, जिला ऊधमसिंह नगर में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और उत्तराखण्ड में हथियार पहुंचाने का काम कर रहा था।
एसएसपी STF ने बताया कि इस कार्रवाई से यूपी-उत्तराखण्ड में सक्रिय एक बड़े अवैध हथियार नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। हाल के दिनों में उत्तराखण्ड में फायरिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए STF की यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार तस्कर से उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी के विरुद्ध थाना पुलभट्टा में समुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
STF के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 08 शातिर हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस ताजा कार्रवाई को STF की अब तक की महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के साझा अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Recent Comments