

करियर, रोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास पर युवाओं ने रखे विचार; नितिन नवीन बोले—प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं को मिल रही नई दिशा और अवसर
धामी के संकल्प से साकार हो रहा युवाओं का सपना : नवीन
हल्द्वानी।भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को हल्द्वानी में युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर युवाओं से सीधा संवाद किया। करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य जैसे विषयों पर हुई बातचीत के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री से अनेक सवाल पूछे तथा रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों को लेकर सुझाव भी रखे।
संवाद को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा और नए अवसर मिल रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है। आज का युवा रोजगार प्राप्त करने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार और अवसर सृजित करने वाला भी बन रहा है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता में खुल रही संभावनाओं पर बल देते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने तथा राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में आगे आने की अपील की।


मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई 2021 को पदभार ग्रहण करते ही सरकार ने “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं” के संकल्प के साथ कार्य शुरू किया और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर देने का उल्लेख किया। खेलों में भी उत्तराखंड तेजी से नई पहचान बना रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय एवं लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती प्रतिभा का प्रमाण है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी गढ़वाल संसद अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत भारद्वाज, तरुण बंसल सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हल्द्वानी स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक भावी पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

Recent Comments