उत्तरकाशी। 77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन ज्ञानसू में भव्य परेड का आयोजन हुआ। वरिष्ठ अतिथियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि उत्तरकाशी पुलिस के जवानों ने राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ ली। परेड में जिला पुलिस, आर्म्ड पुलिस, आईटीबीपी, आईआरबी, होमगार्ड, पीआरडी, एनसीसी, यातायात पुलिस, आपदा राहत दल, फायर सर्विस, एसडीआरएफ व दूरसंचार विभाग की आकर्षक झांकियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
परेड का संचालन यातायात उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी (प्रथम कमान) ने किया। द्वितीय कमान अउनि ओमप्रकाश डिमरी के पास रही, जबकि तृतीय कमान अउनि मंगल सिंह नेगी ने संभाली। मुख्य अतिथि विधायक गंगोत्री सुरेश चौहान ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गणतंत्र के इतिहास, महान विभूतियों के बलिदान व जनपद की दैवीय आपदाओं में प्रशासन व नागरिकों के जोश की सराहना की।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंच से संबोधित करते हुए भारतीय संविधान के नैतिक मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने जनपद की उपलब्धियों का जिक्र किया, पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया तथा सभी से ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का मार्गदर्शन दिया। परेड के बाद स्कूली बच्चों व पुलिस परिवार के बच्चों ने देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
डीएम व एसपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया। आईटीबीपी की टुकड़ी प्रथम, महिला होमगार्ड द्वितीय व आर्म्ड पुलिस तृतीय रही। एसपी कमलेश उपाध्याय ने सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, कर्नल मानुस दास (एनसीसी), सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत, डीएफओ डी.पी. बलूनी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

प्रातः 9:30 बजे एसपी कमलेश उपाध्याय ने क्वार्टर गार्ड में ध्वज फहराया व शपथ दिलाई। पुलिस कार्यालय सहित सभी थानों पर भी ध्वज फहराया गया। जनपद दिवस पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चतुर्थ श्रेणी कर्मियों व अनुचरों को सम्मानित किया गया।

Recent Comments