उत्तरकाशी । जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर पर्यटन विभाग ने विंटर टूरिज्म कॉन्क्लेव में पधारे देशभर के टूर ऑपरेटर्स के लिए फेम टूर (परिचयात्मक भ्रमण) का आयोजन किया। शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टूर ऑपरेटर्स के समूह को मुखवा और खरसाली ले जाया गया।
विदित हो कि 14 जनवरी को उत्तरकाशी में शीतकालीन पर्यटन प्रोत्साहन के लिए विंटर टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ था। इसमें टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (TDOI) और एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ATOAI) के देश के विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक टूर ऑपरेटर्स तथा उत्तराखंड के लगभग 50 टूर ऑपरेटर्स ने भाग लिया। जनपद के 150 से अधिक होटल व्यवसायी, होमस्टे संचालक और ट्रैकिंग एजेंसी स्वामी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
15 जनवरी को जनपद के समृद्ध पर्यटन संसाधनों से रूबरू कराने हेतु यह भ्रमण आयोजित किया गया। टूर ऑपरेटर्स ने मुखवा, हर्षिल, भैरव घाटी, नेलांग, खरसाली यमुना मंदिर, खरसाली शनि मंदिर और सोमेश्वर मंदिर आदि स्थानों का भ्रमण कर देव दर्शन किया तथा उत्तरकाशी के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया।


जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि फेम टूर का उद्देश्य उत्तरकाशी को वर्ष भर पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना है, ताकि स्थानीय निवासियों को 12 माह रोजगार मिले और अर्थव्यवस्था को गति प्राप्त हो। एसोसिएशन ऑफ डॉमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया के अध्यक्ष वेद खन्ना ने भी मुखवा-हर्षिल भ्रमण में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की यह पहल सफल होगी तथा टूर ऑपरेटर्स इन स्थानों का देशभर में प्रचार करेंगे।
देशभर से आए आगंतुकों ने जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और होटल एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में संबंधों को और मजबूत बनाने का विश्वास दिलाया।

Recent Comments