
उत्तरकाशी,। हरेला पर्व के अवसर पर 16 जुलाई को जनपद उत्तरकाशी में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने इसे व्यापक जन-भागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलास्तरीय मुख्य कार्यक्रम तहसील भटवाड़ी के चीवाँ में आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला पर्व के वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाया जाए। इसके लिए अभियान को गांव-गांव तक ले जाया जाए और ग्राम पंचायतों व वन पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी पंचायतों और विभागों के लिए लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण स्थलों पर समय से पर्याप्त मात्रा में पौधे पहुंचाने की स्पष्ट कार्ययोजना बनाई जाए। वन विभाग, वन पंचायतों और विद्यालयों तक पौधों की आपूर्ति की व्यवस्था भी पुख्ता की जाए।
डीएम ने कहा कि गर्मियों में जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ऐसे स्थानों पर प्राथमिकता से वृक्षारोपण किया जाए। जलागम, वन और अन्य संबंधित विभाग मिलकर चिन्हित क्षेत्रों में पौधरोपण करें।
उन्होंने वन, ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यान, जलागम, पंचायतीराज सहित सभी विभागों को विभागवार लक्ष्य पूरा करने और रोपित पौधों के रख-रखाव के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। आपसी समन्वय और जनभागीदारी से ही अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।
बैठक में डीएफओ डीपी बलूनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, खेल अधिकारी निधि बिंजोला, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मटूडा उपस्थित रहे। मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, सीएचओ रजनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Recent Comments