वैश्य समाज राष्ट्र की आर्थिक व सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी

लोकल फॉर वोकल’ और स्वदेशी उत्पादों से आत्मनिर्भर भारत को मिलेगा बल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को जीएमएस रोड स्थित अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित दीपावली मेले में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित जनसमूह को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और कहा कि दीपावली का पर्व सकारात्मक ऊर्जा और उजाले का प्रतीक है, जो समाज को अच्छाई के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्य समाज सदियों से सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक रहा है और राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक शक्ति का प्रतीक बनकर समाज में सहयोग और विकास का प्रकाश फैलाता रहा है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा आयोजित यह मेला न केवल व्यापार को प्रोत्साहित कर रहा है, बल्कि सामाजिक एकता, स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार और लोक संस्कृति के संरक्षण का भी माध्यम बन रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज ‘लोकल फॉर वोकल’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेड इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने भी राज्यहित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनमें देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता का लागू किया जाना एक ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने लैंड जिहाद पर सख्त कार्रवाई करते हुए 9 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई है। लगभग 550 अवैध मजारों और दो मस्जिदों को हटाया गया है। इसके साथ ही राज्य में ऑपरेशन कालनेमि चलाकर सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने जनता से आह्वान किया कि वे “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” के मंत्र को जीवन में उतारें। स्वदेशी वस्तुओं के प्रति झुकाव न केवल कारीगरों, किसानों और उद्यमियों को सशक्त करेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी गति देगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य कर रही है और समाज के सभी वर्गों का सहयोग इस दिशा में महत्त्वपूर्ण है।

दीपावली मेले में विनोद चमोली, खजान दास, प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर सौरभ थपलियाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और नागरिक उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments