कलगड़ी में वैली ब्रिज निर्माण शुरू: 15 दिन में बहाल होगा यातायात संपर्क

पौड़ी।  पौड़ी जिले के पैठाणी, थलीसैंण, भरसार, बीरोंखाल और धुमाकोट क्षेत्र जल्द ही जिला मुख्यालय से पुनः सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे। पौड़ी–धुमाकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलगड़ी में आपदा से क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर लोक निर्माण विभाग (PWD) राष्ट्रीय राजमार्ग खंड धुमाकोट द्वारा वैली ब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्माण सामग्री मौके पर पहुंचने लगी है और विभाग ने आगामी 15 दिनों में पुल को यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उल्लेखनीय है कि 06 अगस्त की सुबह हुई भारी बारिश के कारण वर्ष 1970 में निर्मित मोटर पुल ध्वस्त हो गया था। यह पुल पाबौ से लगभग 10 किलोमीटर आगे स्थित था, जिसकी क्षति से थलीसैंण, बीरोंखाल, धुमाकोट और कुमाऊं मंडल के रामनगर क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदाग्रस्त क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को तत्काल बहाल करने के निर्देश दिए थे। आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी  स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में पीडब्लूडी ने कलगड़ी में नए पुल निर्माण हेतु त्वरित सर्वेक्षण और कार्य प्रारंभ किया।

पीडब्लूडी के सहायक अभियंता प्रमोद नेगी ने जानकारी दी कि पुराने पुल की चौड़ाई 4.25 मीटर और लंबाई 20 मीटर थी, जबकि नया वैली ब्रिज 45 मीटर लंबा होगा। भारी बारिश से 25 मीटर सड़क भी बह गई थी, जिससे पुल का स्पान बढ़ाना पड़ा। निर्माण सामग्री के 13 ट्रक दोनों छोरों—पौड़ी-पाबौ और कर्णप्रयाग-नौटी-पैठाणी मार्ग—से मंगवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल तक पूरी सामग्री पहुँचने की संभावना है।

जिलाधिकारी ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि सामग्री पहुँचते ही पुल निर्माण कार्य को तत्काल गति दी जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को शीघ्र राहत मिल सके।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments