

श्रीनगर (गढ़वाल) । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल (केंद्रीय) विश्वविद्यालय में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘वंदे मातरम् : राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष का स्मरणोत्सव’ के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के बीए, बीएससी एवं इंजीनियरिंग समेत विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति तथा वंदे मातरम् की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को अपने पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।

इस अवसर पर वंदे मातरम् समिति के समन्वयक डॉ. विश्वेश वाग्मी ने स्मरणोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के संरक्षण में ‘वंदे मातरम् : राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष का स्मरणोत्सव’ को भव्य रूप दिया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 15 अगस्त तक निबंध, भाषण आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य डॉ. नरेश कुमार, डॉ. नेहा मर्तोलिया, डॉ. कपिल पंवार, डॉ. नीतीश बौंठियाल, डॉ. प्रीति सहित अन्य शिक्षक व शोधार्थी आयोजन स्थल पर उपस्थित रहे।

Recent Comments