उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बड़ा अल्टीमेटम, अवैध निर्माण करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

ऋषिकेश में बड़ी इमारत सील, राजपुर-जाखन-पुरकुल-मालसी में चला सघन निरीक्षण अभियान

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाया। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्राधिकरण की टीमों ने ऋषिकेश में बिना स्वीकृत मानचित्र के बन रही एक बड़ी इमारत को सील कर दिया, जबकि देहरादून के राजपुर, जाखन, पुरकुल और डीआईटी मालसी क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का स्थलीय निरीक्षण कर नियम उल्लंघन पर कड़ी चेतावनी दी।

MDDA टीम ने ऋषिकेश के निर्मल ब्लॉक-बी, निकट द गंगाज क्षेत्र में भवन स्वामी जखमोलो द्वारा किए जा रहे बड़े अवैध निर्माण को मौके पर सील किया। निरीक्षण में पाया गया कि निर्माण प्राधिकरण की अनुमति के बिना किया जा रहा था। नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई पूरी की गई, ताकि भविष्य में निर्माण आगे न बढ़ सके। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।

MDDA ने अभियान को सिर्फ सीलिंग तक सीमित नहीं रखा। संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के नेतृत्व में टीम ने देहरादून के तेजी से विकसित हो रहे राजपुर, जाखन, पुरकुल और डीआईटी मालसी क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वीकृत मानचित्र और मौके पर हो रहे निर्माण का मिलान किया गया। कई निर्माणकर्ताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जहां स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाया गया, वहां तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए। संयुक्त सचिव ने कहा कि बिना अनुमति या नक्शे से अलग निर्माण करने वालों के खिलाफ उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई होगी। इस अभियान में अवर अभियंता सचिन तोमर, सिद्धार्थ सेमवाल, विदिता कुमारी, पवन भट्ट सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि विकास क्षेत्र में अनियोजित और अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लगातार निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाकर बिना मानचित्र या नक्शे के विपरीत हो रहे निर्माणों की पहचान की जा रही है। ऋषिकेश में की गई सीलिंग भी इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने सभी भवन स्वामियों से अपील की कि निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य लें। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि भवन निर्माण से पहले सभी जरूरी स्वीकृतियां लें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कराएं। इससे कानूनी कार्रवाई से बचाव होगा और क्षेत्र का नियोजित विकास सुनिश्चित हो सकेगा।

प्राधिकरण ने कहा कि अवैध कॉलोनियों, बिना स्वीकृति के भवन निर्माण और मानचित्र के विपरीत हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments