मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत 80 समूह की महिलाओं ने जैविक उत्पादों से रचे आकर्षक हैंपर *निजी कंपनियों को दे रही कड़ी टक्कर
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम को राजधानी देहरादून के डोईवाला विकासखंड की ग्रामीण महिलाएं ज़ोरदार गति दे रही हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत रानीपोखरी की स्वाभिमान क्लस्टर लेवल फेडरेशन से जुड़ी 80 स्वयं सहायता समूह की लगभग 1700 महिलाओं ने दीपावली के लिए आकर्षक और पर्यावरण-अनुकूल गिफ्ट हैंपर तैयार करके स्थानीय बाजारों को गुलजार कर दिया है।

समूह की महिलाएं अपने हुनर और परिश्रम से तैयार किए गए इन गिफ्ट हैंपरों को उचित मूल्य पर बाजार, सरकारी और निजी संस्थानों में बेच रही हैं, जो सीधे तौर पर बड़ी प्राइवेट कंपनियों के उत्पादों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इन हैंपरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें पहाड़ी और जैविक उत्पादों का मिश्रण होता है, जो ग्राहकों को शुद्धता और स्थानीय स्वाद का अनुभव कराता है।
फेडरेशन की अध्यक्ष संगीता शर्मा ने बताया कि इस पहल से महिलाओं को न केवल अच्छी आमदनी और आत्मनिर्भरता मिली है, बल्कि स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को बढ़ावा भी मिल रहा है।
‘वोकल फॉर लोकल’ की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए, इस योजना ने 1700 महिलाओं को रोजगार दिया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सहायता से महिलाओं को 8 लाख रुपये का कम्यूनिटी इन्वेस्टमेंट फंड प्रदान किया गया था। इस पूंजी से उन्होंने 800 गिफ्ट हैंपर बनाने का लक्ष्य रखा था, जिसमें से अब तक 600 से अधिक हैंपर उचित दामों पर बेचे जा चुके हैं।

महिलाओं द्वारा तैयार किए गए ये हैंपर 2000 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक के वर्गों में विभाजित हैं, और प्रत्येक हैंपर की बिक्री पर महिलाओं को लगभग 20% की बचत हो रही है।
ये गिफ्ट हैंपर पूरी तरह से स्थानीय उत्पादों से सजे हुए हैं, जिनमें रोस्टेड काजू, रोस्टेड बादाम, शुद्ध शहद, स्थानीय नमकीन, दीए, मोमबत्तियाँ, मठरी, एलईडी लाइट और अन्य हस्तनिर्मित सामग्री शामिल है। यह पहल केवल स्वाद और सुंदरता की ही महक नहीं छोड़ रही, बल्कि ग्रामीण महिला स्वावलंबन और उद्यमिता का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश कर रही है।
जिला मिशन प्रबंधक अपर्णा बहुगुणा ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए पहाड़ी उत्पादों को हर त्योहार पर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

स्वाभिमान क्लस्टर लेवल फेडरेशन की ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए स्थानीय ग्राहकों के अलावा सरकारी विभागों और बड़े संस्थानों से भी बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं। खासकर रानीपोखरी स्थित उत्तरा एंपोरियम, जॉली ग्रांट एयरपोर्ट, हिमालयन हॉस्पिटल, ग्राम्य विकास विभाग और कृषि विभाग से अधिक संख्या में ऑर्डर प्राप्त हुए हैं, जो इन उत्पादों की गुणवत्ता और लोकप्रियता को दर्शाते हैं।

Recent Comments