देहरादून। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी और उत्तराखंड टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (यूटीडीबी) ने ‘गुड गेस्ट गाइड’ लॉन्च की है। यह अपनी तरह की पहली गाइडबुक है, जिसमें कचरे को कम करने और संसाधनों को संरक्षित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए हैं और पूरे उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश में स्थानीय लोगों को समर्थन प्रदान करने का प्रयास किया गया है। इस गाइड को तैयार करने में एयरबीएनबी के कम्युनिटी फंड से सहायता प्रदान की गई है। दुनियाभर में स्थानीय समुदायों का समर्थन करने के लिए 2020 में 100 मिलियन डॉलर के साथ इस कम्युनिटी फंड को स्थापित किया गया था। अतिथि देवो भव के नाम से विशेष आयोजन के दौरान गुड गेस्ट गाइड को लॉन्च किया गया। इस दौरान श्याम अग्रवाल (राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार), समीर सिन्हा (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स, उत्तराखंड) और अभिषेक रोहिल्ला, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एडिशनल सीईओ), यूटीडीबी के साथ-साथ एयरबीएनबी और वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए पर्यटन प्रमुख स्तंभ है, जिससे आजीविका मिलती है, संस्कृति का संरक्षण होता है और पर्यटकों को हिमालय की समृद्ध विरासत से जुड़ने का मौका मिलता है। हालांकि हर साल भारतीय हिमालय क्षेत्र में 6 करोड़ से ज्यादा पर्यटक आते हैं, जिससे पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन की जरूरत बढ़ गई है। गुड गेस्ट गाइड इसी दिशा में किया गया प्रयास है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को कचरा कम करने, संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के सहयोग के लिए छोटे-छोटे किंतु सार्थक कदमों के बारे में जागरूक करना है।
उत्तराखंड सरकार के पर्यटन विभाग के एडिशनल सीईओ अभिषेक रोहिल्ला ने कहा, ‘देहरादून में एयरबीएनबी के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स द्वारा आयोजित ‘अतिथि देवो भव’ कार्यक्रम जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में शानदार पहल है। इस दौरान वेस्ट वॉरियर्स ने गुड गेस्ट गाइड के रूप में रोचक गाइडबुक भी लॉन्च की है, जो पर्यटकों को यह जानने में सहयोग करेगी कि उत्तराखंड आने पर उनसे किस तरह के व्यवहार की उम्मीद की जाती है और कैसे वह जिम्मेदार नागरिक के साथ-साथ जिम्मेदार पर्यटक बन सकते हैं।’
वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी के सीईओ विशाल कुमार ने कहा, ‘गुड गेस्ट गाइड के माध्यम से हम पर्यटकों को साधारण एवं व्यावहारिक तरीके बताना चाहते हैं, जिनसे वे सतर्कता एवं सद्भावना के साथ हिमालयी क्षेत्र में अपनी यात्रा पूरी करें। जिम्मेदार पर्यटन समय की जरूरत है, क्योंकि जलवायु परिवर्तन के कारण इको-सेंसिटिव नैचुरल हैबिटेट्स (संवेदनशील पारिस्थितिकी) पर संकट मंडरा रहा है। अतिथि देवो भव में एक साझा जिम्मेदारी के तौर पर जिम्मेदार पर्यटन के लिए जरूरी कदमों को लेकर विभिन्न विचार सामने आए। इस प्रयास को समर्थन देने के लिए हम एयरबीएनबी और उत्तराखंड टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड का धन्यवाद करते हैं। वेस्ट वॉरियर्स में हमारा मिशन हिमालयी क्षेत्र की नाजुक पारिस्थितिकी की सुरक्षा करना है। यह गाइडबुक यहां आने वाले हर पर्यटक को प्रेरित करने का माध्यम बनेगी।’
एयरबीएनबी इंडिया एंड साउथ ईस्ट एशिया के कंट्री हेड अमनप्रीत बजाज ने कहा, ‘एयरबीएनबी में, हमारा मानना है कि समुदाय-आधारित समाधान ही स्थायी बदलाव की कुंजी हैं।। एयरबीएनबी कम्युनिटी फंड से गुड गेस्ट गाइड को समर्थन प्रदान करना वेस्ट वॉरियर्स जैसे संगठनों को सशक्त करने की हमारी प्रतिबद्धता दिखाता है। ऐेसे संगठन हिमालयी क्षेत्र में पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन व कचरा प्रबंधन के मामले में वास्तविक प्रभाव डाल रहे हैं। हमें उनके काम को आगे बढ़ाने व जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयासों में सहयोग करने का गर्व है।
गुड गेस्ट गाइड को वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी के मौजूदा प्रयासों के आधार पर तैयार किया गया है, जिन्होंने पूरे उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश में जिम्मेदारी से कचरा प्रबंधन को आगे बढ़ाने में दशकों तक काम किया है। प्रत्येक वर्ष एयरबीएनबी प्रमुख स्थानीय मुद्दों को समझने के लिए अपनी होस्ट कम्युनिटी के साथ मिलकर काम करती है और उन मुद्दों पर जमीनी स्तर पर काम कर रहे गैर लाभकारी संगठनों को अनुदान प्रदान करती है। भारत में हालिया अनुदानों में पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय पर फोकस किया गया है और वेस्ट वॉरियर्स अनुदान पाने वाला नवीनतम लाभार्थी है।
विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वेस्ट वॉरियर्स ने लॉन्च की ‘गुड गेस्ट गाइड’
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page

Recent Comments