विवाह समारोह में अब मिलेंगे दो व्यावसायिक सिलेंडर, शपथ पत्र के साथ करना होगा आवेदन

देहरादून।  उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में अब विवाह समारोह के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक गैस सिलेंडर अस्थायी रूप से आवंटित किए जाएंगे। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदनकर्ता को निम्नलिखित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे:

· ₹10 का स्टांप पेपर पर शपथ पत्र
· विवाह का कार्ड
· आवेदनकर्ता का आधार कार्ड

ये सिलेंडर केवल अस्थायी आधार पर दिए जा रहे हैं। उपयोग के तुरंत बाद आवेदनकर्ता को ये सिलेंडर संबंधित गैस एजेंसी को लौटाने होंगे।

जिला प्रशासन ने सभी आवेदनकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे विवाह समारोह से 10 से 12 दिन पूर्व आवेदन कर दें, ताकि समय से गैस एजेंसियों को निर्देशित किया जा सके।

आवेदन निम्नलिखित स्थानों पर किए जा सकते हैं:

· देहरादून नगर क्षेत्र अंतर्गत जिला पूर्ति कार्यालय
· समस्त तहसीलों में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (पूर्ति)/निरीक्षक कार्यालय

जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को अस्थायी कनेक्शन देने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एजेंसियों को अपने कुल स्टॉक का 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर आरक्षित रखने को कहा गया है।

जनपद देहरादून में अब तक विवाह समारोह हेतु कुल 75 आवेदन पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को गैस की कोई परेशानी न हो। इस हेतु संबंधित गैस एजेंसियों को 5 किलोग्राम के गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, ऑयल कंपनियों को अधिक से अधिक व्यावसायिक और 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) द्वारा लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में टीम ने देहरादून नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से 04 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों – 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 13 शिकायतें दर्ज हुई हैं। कंट्रोल रूम में मौजूद खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज जिले में:

· घरेलू सिलेंडर: 13,388 उपभोक्ताओं को आपूर्ति, 16,767 स्टॉक उपलब्ध
· व्यावसायिक सिलेंडर: 807 उपभोक्ताओं को आपूर्ति, 4,442 स्टॉक उपलब्ध

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों का लोड निरंतर बढ़ाया जा रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments