“भाजपा किस बात का जश्न मना रही है?” – धस्माना का तीखा सवाल, मंदिरों की चोरी से लेकर बेरोजगारी तक गिनाईं नाकामियां

कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना का बड़ा आरोप – बद्री-केदार धाम में चढ़ावा चोरी की हो जेपीसी निगरानी में जांच, महिला अपराध और बेरोजगारी पर भी सरकार को घेरा

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता कर बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर अब हिमालयी धामों में भी चढ़ावे की चोरी सामने आ रही है, और इसकी जांच स्थानीय पुलिस या किसी केंद्रीय एजेंसी के बजाय संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की निगरानी में होनी चाहिए।

धस्माना ने कहा कि देश-दुनिया के सनातनी पहले ही राम मंदिर में चढ़ावे की करोड़ों की चोरी से आहत हैं, और अब बद्री-केदार धामों से आ रही ऐसी ही खबरें आस्थावान जनमानस की भावनाओं को और गहरी चोट पहुँचा रही हैं। उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकारों – चाहे यूपी हो या उत्तराखंड –  को इसके लिए सीधे तौर पर ज़िम्मेदार ठहराया, क्योंकि राम मंदिर ट्रस्ट और बद्री-केदार में बीकेटीसी, दोनों ही संस्थाओं का गठन भाजपा सरकारों ने ही किया है और मंदिर प्रबंधन का पूरा दायित्व इन्हीं पर है।

उन्होंने याद दिलाया कि इससे पहले केदारनाथ मंदिर से 228 किलो सोना चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसे भाजपा सरकार और बीकेटीसी ने दबा दिया, और अब वहां चढ़ावे में हेराफेरी तथा बद्रीनाथ मंदिर में भी चढ़ावा चोरी के आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि जनता को सरकारी जांच एजेंसियों पर भरोसा नहीं रहा, इसलिए दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई हो जो भविष्य के लिए मिसाल बने।

पत्रकार वार्ता में धस्माना ने भाजपा सरकार पर एक और तीखा हमला बोलते हुए सवाल किया कि जिस राज्य में महिला अपराध के मामलों में उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में शीर्ष पर पहुंच गया है, बलात्कार, हत्या और उत्पीड़न की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं, वहां भाजपा आखिर किस बात का जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद से बेरोजगारी दर लगातार चरम पर बनी हुई है, और भाजपा के संरक्षण प्राप्त कुछ नेता बेरोजगार युवाओं को नौकरी के नाम पर ठग रहे हैं। भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक होने से युवाओं में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में बड़े घोटाले का आरोप भी लगाया, साथ ही कहा कि पिछले वर्ष की आपदा से हुए नुकसान का पुनर्निर्माण और पुनर्वास अब तक अधूरा है, जबकि इस बार भी बरसात से नुकसान की खबरें आने लगी हैं। अवैध खनन को लेकर सत्तापक्ष के ही जनप्रतिनिधि खुलकर सवाल उठा रहे हैं।

धस्माना ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चल रही परिवर्तन संकल्प यात्रा को प्रदेशभर में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है, और आने वाले दिनों में जनता ही भाजपा सरकार की नाकामियों का फैसला करेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, टिहरी के वरिष्ठ नेता सुशील डोभाल व आनंद सिंह पुंडीर मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments