एक राजा वर्षों से पुत्र की प्राप्ति के लिए आशा लगाए बैठे, पर पुत्र नहीं हुआ। तांत्रिकों ने सुझाव दिया कि किसी बच्चे की बलि दे दी जाए तो रानी को पुत्र प्राप्ति हो जाएगी। राजा ने घोषणा करवाई कि जो अपना बच्चा देगा उसे बहुत सारा धन दिया जाएगा। एक परिवार में कई बच्चे थे, गरीबी भी थी, एक ऐसा बच्चा भी था जो भगवान में आस्था रखता था तथा सत्संग में ज्यादा समय व्यतीत करता था। परिवार को लगा कि इसे राजा को दे दिया जाए क्योंकि यह कुछ काम तो करता नहीं है।
बच्चा राजा को दे दिया गया। तांत्रिकों द्वारा बच्चे की बलि की तैयारी की गई। राजा को भी बुलाया गया, बच्चे से पूछा गया कि तुम्हारी आखिरी इच्छा क्या है? बच्चे ने कहा ठीक है मेरे लिए रेत मंगा दी जाए। बच्चे ने रेत से चार ढेरियां बनाई, फिर एक-एक करके तीन ढेरियों को तोड़ दिया और चौथे के सामने हाथ जोड़कर बैठ गया और कहा कि अब जो करना है करें। यह देखकर तांत्रिक बोले कि यह तुमने क्या किया है?
राजा ने भी पूछा तो बच्चे ने कहा कि पहली ढेरी मेरे माता-पिता की थी, मेरी रक्षा करना उनका कर्त्तव्य था पर उन्होंने पैसे के लिए मुझे बेच दिया, इसलिए मैंने यह ढेरी तोड़ी। दूसरी मेरे सगे-सम्बन्धियों की थी, उन्होंने भी मेरे माता-पिता को नहीं समझाया, इसलिए वह ढेरी भी तोड़ दी। तीसरी ढेरी राजा की थी, प्रजा की रक्षा करना राजा का काम होता है पर राजा ही मेरी बलि देना चाह रहा है तो यह ढेरी भी मैंने तोड़ दी।
अब सिर्फ ईश्वर पर मुझे भरोसा है इसलिए यह एक ढेरी मैंने छोड़ दी है। राजा ने सोचा कि पता नहीं बच्चे की बलि के बाद भी पुत्र प्राप्त हो या न हो क्यों न इसी बच्चे को ही अपना पुत्र बना लें। अंतत: राजा ने बच्चे को अपना बेटा बनाकर राजकुमार घोषित कर दिया।
इस कथा का निष्कर्ष यह है कि —
- दुनिया में माता-पिता, रिश्तेदार और राजा जैसे संरक्षक भी स्वार्थ के कारण अपने धर्म और कर्त्तव्य से विमुख हो सकते हैं।
- किन्तु, जब सब साथ छोड़ दें तब भी एकमात्र सहारा और अंतिम विश्वास ईश्वर ही होता है।
- सच्ची आस्था, विवेक और नैतिक बल किसी भी विपत्ति से रक्षा कर सकते हैं, भले ही इंसान निर्दोष और अकेला क्यों न हो।
- राजा को भी यह समझ आया कि बलि और तांत्रिक क्रियाएँ निरर्थक हैं; सच्चा उत्तराधिकारी वही है जो धर्म और विश्वास के मार्ग पर चलता है।
👉 इसलिए इस कहानी से शिक्षा मिलती है कि संकट में भी अपने ईश्वर-विश्वास और नैतिकता को न छोड़ें, वही जीवन को सही दिशा और रक्षा प्रदान करता है।
डिसक्लेमर :-
इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गांरंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संकलित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

Recent Comments