महिलाओं की हत्याओं पर महिला कांग्रेस का हल्लाबोल: एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, त्वरित कार्रवाई की मांग

देहरादून । उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह से भेंट कर ऋषिकेश, विकासनगर एवं देहरादून शहर में महिलाओं की लगातार हो रही निर्मम हत्याओं के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने इन जघन्य घटनाओं पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की तथा चेतावनी दी कि शासन-प्रशासन की उदासीनता पर आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी क्षेत्र के बीचों-बीच महिलाओं की नृशंस हत्याएं राज्य की कानून-व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की राजधानी में ऐसी घटनाएं चिंताजनक और शर्मनाक हैं। ये सरकार के महिला सुरक्षा के खोखले दावों को बेनकाब करती हैं। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो देवभूमि की छवि राष्ट्रीय स्तर पर कलंकित हो जाएगी। महिलाओं में फैल रहा भय किसी संवेदनशील समाज के लिए गंभीर खतरा है।”

रौतेला ने मांग की कि सभी मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच हो, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले तथा महिलाओं की सुरक्षा के लिए जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी, “महिला कांग्रेस प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं करेगी। प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन छेड़ना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”

इस दौरान एसएसपी अजय सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मामलों में गंभीरता से जांच चल रही है तथा महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

ज्ञापन सौंपने के अवसर पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इनमें महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नजमा खान, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, प्रदेश महासचिव अनुराधा तिवारी, प्रदेश सचिव शोभा बडोनी, प्रदेश सचिव रेखा डींगरा एवं राष्ट्रीय कांग्रेस महिला कोऑर्डिनेटर शिवनी थपलियाल मिश्रा प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

ज्योति रौतेला,
अध्यक्ष, उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments