पौड़ी में विश्व पर्यटन दिवस कार्यक्रमों का आगाज़

पर्यटक स्थलों पर रखें ‘अतिथि देवो भव’ का भाव: जिलाधिकारी

पौड़ी गढ़वाल। 27 सितंबर को मनाए जाने वाले विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में, पौड़ी में तीन दिवसीय पर्यटन कार्यक्रमों का भव्य शुभारंभ किया गया। शुक्रवार, 26 सितंबर 2025 को, कंडोलिया मैदान में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने हॉट एयर बैलून, साइक्लिंग रैली और स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाई। इन आयोजनों में युवाओं, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पर्यटक स्थलों पर ‘अतिथि देवो भव’ का भाव रखें: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान कहा कि पर्यटन केवल प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य भाव का अनुभव कराने का माध्यम है। उन्होंने सभी से अपील की कि पर्यटक स्थलों पर जाते समय ‘अतिथि देवो भव’ की भावना अपनाएँ और स्वच्छता बनाए रखें।
डीएम ने ज़ोर दिया कि पौड़ी जिला साहसिक खेलों के लिए अत्यंत अनुकूल है। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलूनिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर पर्यटन का विस्तार किया जाएगा। प्रशासन इस पर विशेष रणनीति पर कार्य कर रहा है, जिससे युवाओं को नए रोज़गार अवसर मिल सकें।


युवाओं को टूर गाइड कोर्स कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पर्वतीय पर्यटन एवं अतिथि अध्ययन केंद्र, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके विचार जाने। उन्होंने केंद्र के परियोजना अधिकारी डॉ. सर्वेश उनियाल को निर्देश दिया कि पौड़ी जिले के युवाओं के लिए टूर गाइड, होम स्टे आदि से संबंधित छोटे कोर्स चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न हितधारकों के समन्वय से भ्रमण कार्यक्रम आयोजित कर पौड़ी की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर को विश्व पटल पर स्थापित किया जाएगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि ‘सैर सलीका’ थीम पर आयोजित स्वच्छता रैली से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, जबकि साइक्लिंग रैली ने साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित किया।
खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद, जिलाधिकारी ने कंडोलिया मैदान में खिलाड़ियों के लिए बने चेंजिंग रूम की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने जिला क्रीड़ा अधिकारी को साफ–सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत कराने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को व्यवस्थित और स्वच्छ चेंजिंग रूम उपलब्ध होना चाहिए।

वहीं, संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में छात्र-छात्राओं को पर्यटन से संबंधित लघु फिल्म दिखाई गई और वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्तरदायी पर्यटन का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, नागरिक संगठनों के सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments